विश्व भारत की ओर आशा और विश्वास से देख रहा है : दीपक वोहरा
जन परिषद का 37वां वार्षिक एवं सम्मान समारोह सम्पन्न, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
जन परिषद वार्षिक सम्मान समारोह – विश्व भारत की ओर देख रहा है : दीपक वोहरा
Bhopal 24 June 2026
भोपाल यशो:- जन परिषद का 37वां वार्षिक एवं सम्मान समारोह रवीन्द्र भवन, भोपाल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में भारत के पूर्व राजदूत एवं अंतरराष्ट्रीय संबंधों के विशेषज्ञ दीपक वोहरा, अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन तथा एयर मार्शल प्रमोद श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व राजदूत दीपक वोहरा ने कहा कि जन परिषद की 37 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, उसके सेवा कार्यों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित पहचान को देखते हुए यह विश्वासपूर्वक कहा जा सकता है कि आने वाली पीढ़ियां इसके रचनात्मक कार्यों को स्मरण करेंगी।
यह भी पढ़े :-कांग्रेस संगठन को मिला नया विस्तार, जिला कार्यकारिणी की घोषणा

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व अनेक चुनौतियों और अस्थिरताओं का सामना कर रहा है, ऐसे दौर में जन परिषद जैसी संस्थाएं समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रही हैं।
यह भी पढ़े :-डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी : राष्ट्रवाद, शिक्षा और अखंड भारत के प्रखर पुरोधा
उन्होंने कहा कि वे इन दिनों अत्यंत व्यस्त थे और भोपाल आने की स्थिति में भी नहीं थे, लेकिन जब उन्होंने जन परिषद के इतिहास, उपलब्धियों और कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा अपने मित्रों से संस्था के संबंध में चर्चा की, तो सभी ने इसकी इतनी प्रशंसा की कि वे स्वयं को इस कार्यक्रम में आने से रोक नहीं सके।
आचार्य चाणक्य के सूत्रों से युवाओं को किया प्रेरित
दीपक वोहरा ने अपने उद्बोधन में आचार्य चाणक्य के छह सूत्रों का उल्लेख करते हुए राष्ट्रभक्ति एवं नेतृत्व क्षमता पर आधारित प्रेरक विचार रखे। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की ओर नहीं देख रहा है, बल्कि पूरा विश्व आशा और विश्वास की दृष्टि से भारत की ओर देख रहा है।
उन्होंने उपस्थित जनों से आग्रह किया कि वे इन सूत्रों को अपने परिवार और बच्चों तक पहुंचाएं, जिससे उनमें संस्कार, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित हो सके।
यह भी पढ़े :-रोड बनी मुसीबत: शनि मंदिर रेलवे फाटक पर गड्ढों का साम्राज्य, जिम्मेदारों की चुप्पी से बढ़ रहा हादसों का खतरा
उन्होंने बताया कि जन परिषद ने देशभर में 300 से अधिक इकाइयों एवं सहयोगी संगठनों का सशक्त नेटवर्क विकसित किया है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि यदि देश में जन परिषद जैसी और संस्थाएं विकसित हों तो सामाजिक एवं रचनात्मक वातावरण में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
जनभागीदारी से होता है समाज का विकास : अनुपम राजन
अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने कहा कि समाज के विकास में जनभागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। जन परिषद ने विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन लाने का जो प्रयास किया है, वह अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी है।
अनुशासन और समर्पण से होगा राष्ट्र निर्माण : एयर मार्शल श्रीवास्तव
एयर मार्शल प्रमोद श्रीवास्तव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समर्पण अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
संस्था की उपलब्धियों पर डाला प्रकाश
कार्यक्रम के प्रारंभ में जन परिषद के अध्यक्ष एवं पूर्व डीजीपी एन.के. त्रिपाठी ने स्वागत भाषण देते हुए संस्था की 37 वर्षों की यात्रा, उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जन परिषद समाज, पर्यावरण, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करती रहेगी।
यह भी पढ़े :-छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर भीषण हादसा: 5 मजदूरों की मौत, 20 घायल; सीएम मोहन यादव ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
संस्था का वार्षिक प्रतिवेदन महेंद्र जोशी द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों, सामाजिक अभियानों, पर्यावरण संरक्षण तथा सेवा परियोजनाओं का विस्तृत विवरण दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन रामजी श्रीवास्तव ने किया तथा अंत में अजय श्रीवास्तव (नीलू जी) ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
विभिन्न सम्मानों से विभूतियां सम्मानित
समारोह में एंबेसडर ऑफ एक्सीलेंस सम्मान पूर्व राजदूत दीपक वोहरा को प्रदान किया गया। एक्सीलेंट गार्जियन ऑफ द हार्ट सम्मान से डॉ. सुब्रतो मंडल को सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़े :-भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में सिवनी का बढ़ा सम्मान, डॉ. ढालसिंह बिसेन बने स्थायी आमंत्रित सदस्य
कवि प्रदीप चौबे सम्मान प्रेमचंद द्वितीय (बड़नगर), सांसद विजय खंडेलवाल सम्मान मनोज तिवारी (गढ़ाकोटा) तथा ललित श्रीवास्तव सम्मान मोहन परिहार को प्रदान किया गया।
कुलभूषण दल्लौरी सम्मान ललित अग्रवाल (इंदौर), अमित शर्मा एवं आशीष श्रीवास्तव को दिया गया। राजकमल श्रीवास्तव सम्मान डॉ. रूबी खान को प्रदान किया गया।
मां प्रभादेवी सम्मान उरज मिश्रा, श्रीमती शिल्पी अभिषेक भार्गव (गढ़ाकोटा), अतुल बनारसी, अंशुमन खरे, डॉ. प्रगति सेठ (झांसी) तथा मोहन अग्रवाल को प्रदान किया गया।
इसके अतिरिक्त लक्ष्मी रायकवार सम्मान कमल सिंह, डॉ. मंगल प्रसाद अग्रवाल सम्मान भरत तिवारी (सागर) तथा प्रकाश प्रलय सम्मान गौरीशंकर धाकड़ (बरेली) को दिया गया।
पत्रकार के.के. अग्निहोत्री सम्मान धर्मेंद्र सिंह (भोपाल) को प्रदान किया गया।
आष्टा, छिंदवाड़ा, सागर और मुलताई चैप्टर बने सर्वश्रेष्ठ
समारोह में बेस्ट चैप्टर सम्मान आष्टा, छिंदवाड़ा, सागर एवं मुलताई चैप्टर्स को प्रदान किया गया। वहीं एक्टिव मेंबर्स ऑफ द ईयर के रूप में विनोद श्रीवास्तव, दुर्गेश रैकवार, नितिन श्रीवास्तव, संदीप गोलू, गोविंद चौरसिया, विनोद तिवारी तथा रामेश्वर को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जन परिषद के पदाधिकारी, सदस्यगण, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, शिक्षाविद्, बुद्धिजीवी, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



