सीएम मोहन यादव ने जबलपुर एयरपोर्ट का नाम वीरांगना के नाम पर रखने का किया ऐलान
463वें बलिदान दिवस पर जबलपुर में श्रद्धांजलि, एयरपोर्ट का नाम बदलने का प्रस्ताव केंद्र को भेजने की घोषणा
सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान: रानी दुर्गावती एयरपोर्ट होगा जबलपुर एयरपोर्ट
Bhopal 24 june 2026
जबलपुर/भोपाल यशो :- वीरता, स्वाभिमान और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाली वीरांगना महारानी रानी दुर्गावती के 463वें बलिदान दिवस पर बुधवार को जबलपुर के नर्रई नाला स्थित समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समाधि स्थल पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उन्हें अदम्य साहस, पराक्रम तथा नारी शक्ति की अनुपम प्रतिमूर्ति बताया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहीद वीर नारायण की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की तथा गौंड समाज के आराध्य देव बड़ा देव का पूजन-अर्चन भी किया। इस अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए उन्होंने रानी दुर्गावती के योगदान को प्रदेश की गौरवशाली विरासत बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महारानी रानी दुर्गावती ने मुगल आक्रमणकारियों के विरुद्ध संघर्ष कर अद्वितीय साहस का परिचय दिया। पति दलपत शाह के निधन के बाद उन्होंने अपने पांच वर्षीय पुत्र वीर नारायण को सिंहासन पर बैठाकर स्वयं शासन की बागडोर संभाली और 15 वर्षों तक गौंडवाना साम्राज्य की रक्षा एवं जनता की सेवा में समर्पित रहीं। उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती केवल एक शासक नहीं बल्कि नारी शक्ति, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा हैं।
जबलपुर एयरपोर्ट का नाम रानी दुर्गावती के नाम पर रखने का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जबलपुर एयरपोर्ट का नाम वीरांगना रानी दुर्गावती के नाम पर रखने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पूरे प्रदेश के लिए सम्मान और गौरव का विषय होगा।
उन्होंने बताया कि जबलपुर में मदन महल के समीप लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से रानी दुर्गावती को समर्पित एक भव्य संस्थान तैयार किया जा रहा है, जिसका लोकार्पण शीघ्र किया जाएगा। इसके माध्यम से नई पीढ़ी को रानी दुर्गावती के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों की जानकारी मिलेगी।
गौंडवाना साम्राज्य का स्वर्णिम युग था उनका शासनकाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि रानी दुर्गावती का शासनकाल गौंडवाना साम्राज्य का स्वर्णिम युग माना जाता है। उन्होंने उस दौर में जल संरक्षण, बीज संग्रहण, फसल चक्रण और कृषि विकास जैसे दूरदर्शी कार्य कराए, जिनके परिणामस्वरूप राज्य समृद्ध और आत्मनिर्भर बना।
उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार भी किसानों के हित में लगातार निर्णय ले रही है। किसानों को ब्याजमुक्त ऋण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, भूमि अधिग्रहण पर चार गुना मुआवजा तथा विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
जनजातीय समाज के गौरव का प्रतीक हैं रानी दुर्गावती
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी गौरवशाली विरासत को सम्मान दे रहा है। ‘विरासत से विकास’ अभियान के माध्यम से महान विभूतियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान और सम्मान के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा आमजन उपस्थित रहे।



