क्राइमसिवनी

सिवनी में ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ, 8 जुलाई तक जिलेभर में चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम

पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने साइबर जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी, नागरिकों से 1930 हेल्पलाइन और साइबर सुरक्षा अपनाने की अपील

सिवनी यशो :- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक 15 दिवसीय प्रदेशव्यापी ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना तथा साइबर हाइजीन को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है।

पुलिस कंट्रोल रूम सिवनी में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी ने अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक द्वारा भोपाल से किए गए राज्य स्तरीय शुभारंभ का लाइव प्रसारण भी देखा गया। पुलिस अधीक्षक ने साइबर जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया तथा साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

उन्होंने कहा कि “जागरूकता ही साइबर अपराध से सबसे बड़ा बचाव है। ‘सेफ क्लिक 2.0’ के माध्यम से हर नागरिक को डिजिटल रूप से जागरूक बनाना हमारा उद्देश्य है।”

जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम

अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज, बैंक, पंचायत, अस्पताल, बाजार तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर साइबर सुरक्षा संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए कार्यशालाएं, साइबर सुरक्षा शपथ, क्विज प्रतियोगिताएं, ग्रामीण क्षेत्रों में साइबर चौपाल, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली, महिला एवं बाल सुरक्षा कार्यक्रम, व्यापारिक प्रतिष्ठानों में डिजिटल भुगतान सुरक्षा, धार्मिक स्थलों पर जनजागरूकता, शासकीय कार्यालयों में डेटा सुरक्षा प्रशिक्षण तथा साइबर मेला जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के दौरान राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल, संचार साथी तथा CEIR पोर्टल की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।

नागरिकों से पुलिस की अपील

सिवनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक, APK फाइल, OTP, KYC अपडेट, UPI भुगतान अथवा निवेश संबंधी संदेशों पर बिना सत्यापन विश्वास न करें। यदि कोई साइबर ठगी होती है तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

कार्यक्रम में रहे उपस्थित

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा, एसडीओपी सचिन परते, रक्षित निरीक्षक प्रवीण नायडू, कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी, लखनवाड़ा थाना प्रभारी चंद्र किशोर सिरामे, महिला थाना प्रभारी संदीपिका ठाकुर, अजाक थाना प्रभारी अनंती मर्सकोले, कंट्रोल रूम प्रभारी ओमेश्वर ठाकरे, साइबर सेल प्रभारी देवेंद्र जायसवाल सहित पुलिस अधिकारी, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक, मीडिया प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!