सेवा संकल्प अभियान: वडनगर-वाराणसी यात्रा का सिवनी में जोरदार स्वागत, कोहका से शुरू हुआ जनसंवाद
फुलारा में ग्राम चौपाल और लाभार्थियों से संवाद, लखनवाड़ा में गंगा आरती; 28 सितंबर को मेडिकल कॉलेज में वृक्षारोपण, छपारा में सेवा संवाद और लखनादौन में 2500 युवाओं का वृक्षारोपण
सेवा संकल्प: वडनगर-वाराणसी यात्रा का सिवनी में भव्य स्वागत
Seoni 27 September 2026
सिवनी यशो:- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी जा रही मोटरसाइकिल यात्रा के सिवनी जिले में प्रवेश पर रविवार शाम जिले की सीमा ग्राम कोहका में गर्मजोशी से स्वागत एवं अगवानी की गई। यात्रा शाम करीब 6 बजे कोहका पहुंची।
भाजपा जिला सिवनी की जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में सिवनी-बालाघाट सांसद श्रीमती भारती पारधी, सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन, बरघाट विधायक कमल मर्सकोले, जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल, मुकेश बघेल, गजानंद पंचेश्वर, यात्रा प्रभारी नवनीत सिंह ठाकुर सहित पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व जिला अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यात्रा के सिवनी आगमन के साथ ही सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर जनसंवाद, सेवा गतिविधियों, स्वच्छता, पर्यावरण एवं सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
फुलारा में ग्राम चौपाल, लाभार्थियों से संवाद और जम्बो सीताफल वाटिका का भ्रमण
सिवनी जिले में प्रवेश के बाद यात्रा फुलारा ग्राम पहुंची, जहां ग्राम चौपाल का आयोजन कर ग्रामीणों एवं लाभार्थियों से संवाद किया गया। यात्रियों ने जीआई टैग प्राप्त जम्बो सीताफल वाटिका का भ्रमण भी किया।
इसके बाद मातृधाम कारीरात में यात्रा का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया।
लखनवाड़ा में मां वैनगंगा तट पर गंगा आरती
यात्रा के अगले पड़ाव लखनवाड़ा में मां वैनगंगा तट पर गंगा आरती का आयोजन हुआ। इसके बाद छिंदवाड़ा चौक में स्वच्छता मित्रों का सम्मान किया गया।
वहीं दलसागर चौपाटी में सांस्कृतिक कार्यक्रम, लाइट एवं एलईडी शो तथा लोकगीतों की प्रस्तुतियां आयोजित की गईं।
28 सितंबर को मेडिकल कॉलेज में वृक्षारोपण और छपारा में सेवा संवाद
यात्रा के दौरान एम ग्रेंड अग्रोहा में रात्रि भोजन, रात्रि विश्राम एवं प्रातःकालीन अल्पाहार की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद 28 सितंबर को यात्रा के अगले कार्यक्रम आयोजित होंगे।
28 सितंबर को मेडिकल कॉलेज में भ्रमण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा। इसके बाद बंडोल में आंगनवाड़ी के बच्चों से संवाद एवं स्नेह परिधान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यात्रा का गोरखपुर एवं सादक सिवनी में स्वागत होगा।
इसके बाद यात्रा छपारा पहुंचेगी, जहां अस्पताल में सेवा संवाद, लखपति दीदी संवाद, सांदिपनी विद्यालय का भ्रमण तथा सीताफल संग्राहकों से संवाद के कार्यक्रम होंगे।
यात्रा के अगले पड़ाव गनेशगंज में बंजारी माता के दर्शन एवं स्वागत कार्यक्रम के बाद यात्रा लखनादौन पहुंचेगी। यहां 2500 युवाओं द्वारा वृक्षारोपण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। लखनादौन में ही यात्रा के लिए रात्रि भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था रहेगी।
29 सितंबर को शहीद परिवारों का होगा सम्मान
यात्रा के तीसरे दिन 29 सितंबर को कहानी एवं घंसौर में स्वागत कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके पश्चात यात्रा कटिया/भिलाई स्थित शहीद स्मारक पहुंचेगी, जहां शहीदों के परिजनों का सम्मान किया जाएगा।
इस तरह सिवनी जिले में वडनगर-वाराणसी यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर जनसंवाद, सेवा, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, बच्चों से संवाद और शहीद परिवारों के सम्मान से जुड़े कार्यक्रमों को जोड़ा गया है।
यह भी पढ़े :-
सेवा संकल्प अभियान: बड़नगर से बनारस बाइक यात्रा का छपारा में होगा भव्य स्वागत
पहले घर उजड़े, अब पानी ने घेरा: बरगी बांध के विस्थापितों के घरों में घुसा जलाशय का पानी
पुलिस ने 24 घंटे में मंदिर दानपेटी चोरी का किया खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार



