थाने में हंगामे के बाद युवती की शिकायत दर्ज, दूसरे पक्ष ने भी दिया आवेदन
भाजपा जिला उपाध्यक्ष पर युवती ने घर पहुंचकर धमकाने, अभद्रता और तोड़फोड़ के आरोप लगाए; दूसरे पक्ष ने भी लगाए धमकी और अभद्रता के आरोप
थाने में हंगामा: युवती की शिकायत, दूसरे पक्ष ने भी दिया आवेदन
छिंदवाड़ा यशो :- कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती द्वारा कथित तौर पर थाने पहुंचकर हंगामा किए जाने के बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। मामले में गुलाबरा निवासी दीपिका ने लिखित शिकायत देकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप राणा सहित कुछ लोगों पर उसके घर पहुंचकर अभद्रता करने, धमकाने और तोड़फोड़ किए जाने के आरोप लगाए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से श्रद्धा पटेल ने भी पुलिस को लिखित आवेदन देकर दीपिका पर फोन पर नशे की हालत में विवाद करने, धमकाने और अपशब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है।
युवती ने लगाए घर पहुंचकर धमकाने के आरोप
कोतवाली पुलिस के अनुसार गुलाबरा निवासी दीपिका ने शिकायत में बताया कि वह अपने परिवार के साथ रहती है। उसकी एक युवती से दोस्ती है, जो नरसिंहपुर रोड निवासी श्रद्धा की भी परिचित बताई गई है। दीपिका का आरोप है कि उसे जानकारी मिली कि उसकी छवि को लेकर गलत बातें प्रचारित की जा रही हैं।
दीपिका के अनुसार उसने इस संबंध में श्रद्धा से फोन पर बात की, जिसके बाद कथित तौर पर उसे धमकाया गया। शिकायत में आरोप है कि बाद में श्रद्धा अपने दो साथियों तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप राणा के साथ उसके घर पहुंची। दीपिका ने आरोप लगाया कि घर के सामने अपशब्दों का प्रयोग किया गया, तोड़फोड़ की गई तथा उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी गई।
दीपिका का कहना है कि घटनाक्रम से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उसके पास सुरक्षित है। मामले के बाद उसने वीडियो जारी कर मुख्यमंत्री सहित जिम्मेदार अधिकारियों से न्याय की मांग भी की है।
दूसरे पक्ष ने भी थाने पहुंचकर दिया आवेदन
पुलिस के मुताबिक, दूसरे पक्ष की श्रद्धा पटेल भी रात करीब एक बजे कोतवाली थाने पहुंची और लिखित शिकायत दी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि दीपिका ने फोन पर नशे की हालत में उससे विवाद किया, धमकी दी और अपशब्दों का इस्तेमाल किया।
इस तरह मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। अब पुलिस द्वारा शिकायतों, उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
जिला उपाध्यक्ष ने आरोपों को बताया षड्यंत्र
भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप राणा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके खिलाफ षड्यंत्र किया जा रहा है।
पुलिस का कहना
आशीष धुर्वे, टीआई कोतवाली ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



