हल्की बारिश में घंटों गुल रहती है बिजली? कान्हीवाड़ा के उपयंत्री पर क्षेत्रवासियों ने लगाए मनमानी के आरोप
बिना स्पष्ट कारण लंबे समय तक बिजली कटौती का दावा, उपयंत्री को हटाने की उठी मांग
कान्हीवाड़ा बिजली कटौती पर बवाल, उपयंत्री पर मनमानी के आरोप, जांच की मांग
Seoni 26 June 2026
सिवनी /कान्हीवाड़ा यशो:- कान्हीवाड़ा विद्युत वितरण केंद्र के उपयंत्री गोपाल सिंह उइके की कार्यप्रणाली को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि हल्की बारिश, तेज हवा या आसमान में बादल दिखाई देते ही एहतियात के नाम पर बिजली आपूर्ति लंबे समय तक बंद कर दी जाती है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बिना किसी बड़े तकनीकी कारण के भी 6 से 8 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं रहने से लोगों का जनजीवन प्रभावित होता है, वहीं पेयजल, व्यापार, पढ़ाई और घरेलू कार्य भी बाधित हो जाते हैं।
यह भी पढ़े :- सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत छपारा में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
‘हर बार एक ही जवाब मिलता है’
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बिजली कटौती के संबंध में जानकारी लेने पर विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों की ओर से अक्सर यही कहा जाता है कि “सिवनी से सप्लाई बंद है, हम क्या कर सकते हैं।” लोगों का कहना है कि यदि वास्तव में मुख्य लाइन से आपूर्ति बंद होती है तो इसकी स्पष्ट जानकारी उपभोक्ताओं को दी जानी चाहिए।
बिना कारण लंबी कटौती पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि तेज आंधी, तूफान या भारी बारिश के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से बिजली बंद करना उचित हो सकता है, लेकिन सामान्य मौसम में भी लंबे समय तक आपूर्ति बंद रखना समझ से परे है। इससे क्षेत्र के हजारों उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं।
यह भी पढ़े :- प्रदेश कार्यसमिति में सिवनी को मिला मजबूत प्रतिनिधित्व, भाजपा नेताओं का हुआ भव्य सम्मान
उच्च अधिकारियों से जांच और कार्रवाई की मांग
क्षेत्रवासियों ने मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि कान्हीवाड़ा विद्युत वितरण केंद्र की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाए। साथ ही यदि शिकायतें सही पाई जाती हैं तो व्यवस्था में सुधार किया जाए। कुछ लोगों ने उपयंत्री के स्थानांतरण की मांग भी उठाई है।
(नोट: यह समाचार स्थानीय नागरिकों द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित विद्युत विभाग या उपयंत्री का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)



