मेरे बच्चों को इंसाफ दो’: दो मासूमों की मौत के बाद मां की गुहार, जय भीम सेना ने सीएसपी को सौंपा ज्ञापन
गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करने में देरी का आरोप, निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग हुई तेज
छिंदवाड़ा: दो मासूमों की मौत पर मां ने मांगा इंसाफ, जय भीम सेना ने सौंपा ज्ञापन
छिंदवाड़ा यशो :- इंदिरा नगर कॉलोनी निवासी अनीता प्रजापति ने अपने दो मासूम बेटों की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) को शिकायत एवं ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जय भीम सेना संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश और संवेदना का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित मां ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि 25 अप्रैल 2026 को उनके दोनों पुत्र समर प्रजापति (12 वर्ष) और राजेश प्रजापति (10 वर्ष) घर से लापता हो गए थे। उनका कहना है कि उस समय वह मजदूरी का भुगतान लेने बाहर गई थीं। घर लौटने पर दोनों बच्चे नहीं मिले। पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि बच्चों को कुछ युवकों के साथ देखा गया था। इसके बाद उन्होंने स्वयं बच्चों की तलाश शुरू की और संबंधित थानों में गुमशुदगी दर्ज कराने का प्रयास किया।
आवेदन के अनुसार, थाना कुंडीपुरा और कोतवाली के बीच क्षेत्राधिकार का हवाला देकर उन्हें कई दिनों तक इधर-उधर भेजा गया तथा समय पर गुमशुदगी दर्ज नहीं की गई। पीड़िता का आरोप है कि यदि तत्काल कार्रवाई होती, तो संभवतः दोनों बच्चों की जान बचाई जा सकती थी।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि 30 अप्रैल 2026 को अन्य लोगों से सूचना मिलने पर वह जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने दोनों पुत्रों के शवों की पहचान की। उनका आरोप है कि पुलिस की ओर से उन्हें पहले कोई सूचना नहीं दी गई।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग
अनीता प्रजापति ने अपने आवेदन में मांग की है कि जिन लोगों के साथ बच्चों को अंतिम बार देखा गया था, उनसे गहन पूछताछ की जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की भी मांग की है।
सामाजिक संगठनों ने भी उठाई आवाज
जय भीम सेना के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। संगठन ने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
(नोट: यह समाचार पीड़ित पक्ष द्वारा नगर पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायत-पत्र और ज्ञापन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच और पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)



