सिद्धपीठ श्री ज्वाला देवी मंदिर में 148वाँ संगीतमय सुंदरकांड पाठ सम्पन्न, श्रद्धालुओं ने लिया स्वच्छता और जनजागरूकता का संकल्प
सिवनी: ज्वाला देवी मंदिर में 148वाँ संगीतमय सुंदरकांड पाठ सम्पन्न
सिवनी यशो:- सिद्धपीठ श्री ज्वाला देवी मंदिर, भैरोगंज में माँ ज्वाला देवी एवं श्रीराम भक्त हनुमान जी महाराज की असीम कृपा से 148वाँ साप्ताहिक संगीतमय सुंदरकांड एवं श्रीहनुमान चालीसा पाठ श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और सुंदरकांड पाठ से भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान श्रीहनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा धर्मलाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के दौरान केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि समाजहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। वर्षा ऋतु के आगमन को देखते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं से अपने घरों और आसपास स्वच्छता बनाए रखने, जलभराव रोकने, वर्षा जल की समुचित निकासी सुनिश्चित करने तथा मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए कूलर एवं अन्य स्थानों पर जमा पानी नियमित रूप से खाली करने का आग्रह किया गया।
मंदिर समिति ने नागरिकों से अपील की कि वर्षा ऋतु में हल्का एवं सुपाच्य भोजन करें, स्वच्छ पेयजल का उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या या सर्पदंश जैसी आपात स्थिति में झाड़-फूंक या अंधविश्वास का सहारा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सालय पहुँचकर वैज्ञानिक उपचार कराएं। समिति ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने स्तर पर इन संदेशों को समाज तक पहुँचाकर जनजागरूकता अभियान का हिस्सा बने।
इस अवसर के विशेष यजमान श्रीमती रोशनी अमित शक्रवार, चौरई (जिला छिंदवाड़ा) रहीं, जिन्होंने अपने जन्मदिवस के शुभ अवसर पर परिवार सहित विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया।
पूजन के उपरांत संगीतमय सुंदरकांड पाठ, श्रीहनुमान चालीसा एवं भव्य महाआरती सम्पन्न हुई। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
अंत में माँ ज्वाला देवी एवं श्रीहनुमान जी महाराज से समस्त भक्तों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की गई।



