कान्हीवाड़ा से दिघोरी धाम तक निकली विशाल कावड़ यात्रा
सागर नदी का पवित्र जल लेकर निकले 110 से अधिक कावड़ यात्री, दिघोरी धाम में किया जलाभिषेक
कान्हीवाड़ा से दिघोरी धाम तक निकली विशाल कावड़ यात्रा, 110 से अधिक कावड़ यात्री हुए शामिल
कान्हीवाड़ा यशो :- सावन के तृतीय सोमवार के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भक्ति में कान्हीवाड़ा से दिघोरी धाम तक विशाल कावड़ यात्रा निकाली गई। लगातार चौथे वर्ष आयोजित इस कावड़ यात्रा में बच्चों, युवाओं सहित 110 से अधिक कावड़ यात्रियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कावड़ यात्रियों ने कान्हीवाड़ा स्थित सागर नदी से पवित्र जल लिया। नदी तट पर स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन करने के बाद भगवान भोलेनाथ को जल अर्पित किया गया। इसके पश्चात सुबह करीब 7:30 बजे कावड़ यात्रा प्रारंभ हुई।
8 गांवों से होकर पहुंची दिघोरी धाम
कावड़ यात्रा कान्हीवाड़ा से प्रारंभ होकर बम्हनी, मलांजपुर, जठलापुर, मुंडरई, कुडो, बम्हेड़ी, बलारपुर और राहीवारा होते हुए करीब दोपहर 3 बजे दिघोरी धाम पहुंची। यात्रा के दौरान मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों ने कावड़ यात्रियों का स्वागत किया और फल आदि भेंट किए।
विश्व के सबसे बड़े स्फटिक शिवलिंग का किया जलाभिषेक
दिघोरी धाम स्थित गुरु रत्नेश्वर धाम में कावड़ यात्रियों ने सागर नदी से लाए पवित्र जल से विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन किया और स्फटिक शिवलिंग का जलाभिषेक किया। इस दौरान देश, प्रदेश सहित संपूर्ण जीव जगत की खुशहाली और सुख-समृद्धि के लिए मंगलकामना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
हिंदू उत्सव समिति एवं सकल समाज के सहयोग से आयोजन
आयोजकों के अनुसार यह कावड़ यात्रा हिंदू उत्सव समिति, सकल हिंदू समाज एवं सकल नगरवासियों के सहयोग से आयोजित की गई। लगातार चौथे वर्ष निकाली गई यात्रा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई।
कावड़ यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं में भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था और उत्साह दिखाई दिया। यात्रा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों के प्रति आयोजकों ने आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें
22 अगस्त से बदलेगा छिंदवाड़ा–मंडला फोर्ट पैसेंजर का समय, सिवनी में 8:45 बजे पहुंचेगी ट्रेन



