155 साल पुरानी परंपरा का साक्षी बनेगा सिवनी, 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथ यात्रा
जगदीश मंदिर से लखनवाड़ा घाट तक निकलेगी शोभायात्रा, 17 जुलाई को होगा विशाल भंडारा
सिवनी भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 16 जुलाई को निकलेगी 155 साल पुरानी भव्य रथ यात्रा
Seoni, 08 July 2026
सिवनी यशो:-सिवनी नगर के सुभाष वार्ड स्थित भगवान जगन्नाथ स्वामी के ऐतिहासिक जगदीश मंदिर से 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को भगवान जगन्नाथ स्वामी की भव्य एवं पारंपरिक रथ यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा को तीन अलग-अलग सुसज्जित रथों में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। मंदिर समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से रथ यात्रा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
मंदिर के सर्वराहकार एवं रथ यात्रा के मुख्य आयोजक सुनील राव पवार ने बताया कि रथ यात्रा शाम 4:00 बजे जगदीश मंदिर से प्रारंभ होकर गांधी चौक, शुक्रवारी, काली चौक, विंध्यवासिनी मंदिर, गणेश चौक, नेहरू रोड, दुर्गा चौक, मठ मंदिर एवं छिंदवाड़ा चौक होते हुए बैनगंगा मैया के तट स्थित लखनवाड़ा घाट पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा।
155 वर्षों से निभाई जा रही गौरवशाली परंपरा
भगवान जगन्नाथ स्वामी का यह ऐतिहासिक मंदिर सेठ भोपत राव द्वारा वर्ष 1871 में बनवाया गया था। तभी से प्रतिवर्ष भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की रथ यात्रा निकाली जाती रही है। यह परंपरा आज 155 वर्षों से सिवनी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान बनी हुई है।
38 वर्षों से सुनील राव पवार के नेतृत्व में आयोजन
मंदिर के सर्वराहकार सुनील राव पवार के नेतृत्व में पिछले 38 वर्षों से रथ यात्रा का सफल आयोजन किया जा रहा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक यात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
17 जुलाई को होगा विशाल भंडारा
रथ यात्रा के अगले दिन 17 जुलाई को मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विशाल प्रसाद एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से उपस्थित होकर महाप्रसाद ग्रहण करने का आग्रह किया है।



