अमरवाड़ा की बेटी विनीता धुर्वे बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर, MPPSC परीक्षा में चयन से जिले का बढ़ाया गौरव
मजदूरी कर मां ने पढ़ाया, पति और गुरुओं के सहयोग से हासिल की सफलता
विनीता धुर्वे असिस्टेंट प्रोफेसर चयन – MPPSC असिस्टेंट प्रोफेसर (हिंदी) में चयन, जिले का बढ़ाया गौरव
Chhindwara 08 July 2026
अमरवाड़ा यशो:- विकासखंड अमरवाड़ा के खमरा राजाराम गांव की बेटी विनीता धुर्वे ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की असिस्टेंट प्रोफेसर (हिंदी) परीक्षा-2024 में चयनित होकर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
विनीता धुर्वे ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां गुलाबवती धुर्वे को दिया, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में मजदूरी कर उनकी पढ़ाई पूरी कराई। उन्होंने कहा कि उनकी मां के संघर्ष और त्याग ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
पति और गुरुओं का मिला भरपूर सहयोग
विनीता ने अपने पति दयाराम अहके का भी विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनके पति ने हर कदम पर जीवनसाथी के रूप में सहयोग किया, पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और घरेलू कार्यों में भी मदद की, जिससे वे अपनी तैयारी पर पूरा ध्यान दे सकीं।
उन्होंने अपनी सफलता का महत्वपूर्ण श्रेय अपने मार्गदर्शक डॉ. आर.एन. झारिया और प्रोफेसर ज्योति सूर्यवंशी को भी दिया, जिन्होंने निरंतर मार्गदर्शन और प्रेरणा प्रदान की। इसके अलावा परिवार के सदस्य एस.आर. तेकाम (सचिव) एवं सुरेश उईके (शिक्षक) के मार्गदर्शन को भी उन्होंने अपनी सफलता में अहम बताया।
दमुआ महाविद्यालय में हैं अतिथि विद्वान
वर्तमान में विनीता धुर्वे शासकीय महाविद्यालय दमुआ में अतिथि विद्वान (हिंदी) के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सफलता कठिन परिश्रम, समर्पण, धैर्य और निरंतर प्रयास का परिणाम है।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के नागरिकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



