दतिया उपचुनाव में भाजपा का बड़ा दांव, सिवनी के पूर्व संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी बने उम्मीदवार
नरोत्तम मिश्रा की जगह युवा संगठनकर्ता पर जताया भरोसा, कांग्रेस ने अभी नहीं घोषित किया प्रत्याशी
दतिया उपचुनाव: सिवनी के पूर्व संगठन मंत्री आशुतोष तिवारी बने भाजपा उम्मीदवार
Seoni, 10 July 2026
भोपाल/सिवनी यशो:- मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हुए आशुतोष तिवारी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है।
पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के चुनाव लड़ने की चर्चाओं के बीच पार्टी ने युवा और संगठनात्मक अनुभव रखने वाले आशुतोष तिवारी पर भरोसा जताकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया।
यह भी पढ़े:- भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी और विधायक अशोक रोहाणी कल सिवनी में, बूथ सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस
आशुतोष तिवारी का सिवनी जिले से भी विशेष जुड़ाव रहा है। वे भाजपा में सिवनी जिला संगठन मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं, जिसके चलते उनके प्रत्याशी बनने की खबर से जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह का माहौल है।
नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष पर दांव
दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सजा पर रोक लगाने से इनकार किए जाने के बाद हो रहे हैं। लंबे समय से यह चर्चा थी कि भाजपा पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को मैदान में उतार सकती है।
उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था और शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की चर्चाएं थीं, लेकिन अंतिम समय में केंद्रीय नेतृत्व ने आशुतोष तिवारी के नाम पर मुहर लगा दी।
यह भी पढ़े:- शिक्षा के मंदिर के पुजारी हैं अतिथि विद्वान’, सीएम मोहन यादव ने दिया भरोसा- जो संभव होगा, सरकार करेगी
सिवनी में निभा चुके हैं संगठन मंत्री की जिम्मेदारी
आशुतोष तिवारी भाजपा के अनुभवी संगठनकर्ताओं में गिने जाते हैं। वे सिवनी जिला संगठन मंत्री, संभागीय संगठन मंत्री तथा मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष का दायित्व संभाल चुके हैं।
संगठन में उनकी मजबूत पकड़ और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी ने उन्हें दतिया उपचुनाव में मौका दिया है। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन उस समय उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया गया था।
कांग्रेस ने नहीं खोले अपने पत्ते
दतिया उपचुनाव के लिए फिलहाल केवल भाजपा ने उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस ने अभी अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के किसी करीबी को चुनाव मैदान में उतार सकती है।
यह भी पढ़े:-मध्यप्रदेश में 5वीं-8वीं पुनः परीक्षा का रिजल्ट जारी, कुल परिणाम 98% से अधिक पहुंचा
राजनीतिक हलकों में बढ़ी चर्चा
आशुतोष तिवारी को टिकट मिलने के बाद प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा ने इस चुनाव में संगठनात्मक अनुभव और युवा नेतृत्व पर दांव खेला है, जबकि पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने को भी बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।


