मध्यप्रदेशक्राइमसिवनी

57 बिजली खंभों से तार चुराने वाला गिरोह बेनकाब, 4 आरोपी गिरफ्तार; 7 नाबालिग अभिरक्षा में, ₹22 लाख का माल जब्त

धनौरा, पलारी और आदेगांव क्षेत्र की 4 वारदातों का खुलासा, चोरी में इस्तेमाल पिकअप, छोटा हाथी और बाइक भी जब्त

57 बिजली खंभों से विद्युत तार चोर गिरोह पकड़ा, 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹22 लाख का माल जब्त

सिवनी यशो :-  जिले में बिजली के तार चोरी की लगातार हो रही घटनाओं पर अंकुश लगाने में धनौरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरजिला विद्युत तार चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 7 विधिविरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है।

कार्रवाई के दौरान चोरी का तार, वाहन सहित करीब 22 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। इस कार्रवाई से धनौरा सहित कुल चार चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा तथा एसडीओपी घंसौर नम्रता सोंधिया के मार्गदर्शन में की गई।

57 बिजली खंभों से काट ले गए थे तार

पुलिस के अनुसार 9 और 11 जुलाई 2026 को ग्राम मझगंवा, देवरीटीका, थांवरी, पल्ला और मुंगवानी में अज्ञात बदमाशों ने बिजली लाइन के 57 खंभों से विद्युत तार काटकर चोरी कर लिए थे। साथ ही कई खंभों को भी क्षतिग्रस्त किया गया था। मामले में थाना धनौरा में अपराध क्रमांक 178/2026 एवं 179/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग

थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष बंसोड़ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, ग्रामीणों एवं विद्युत विभाग के सहयोग से पुलिस ने 4 आरोपियों को हिरासत में लिया तथा 7 विधिविरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने धनौरा क्षेत्र की दो तथा चौकी पलारी एवं थाना आदेगांव क्षेत्र की एक-एक चोरी सहित कुल चार वारदातें करना स्वीकार किया।

₹22 लाख का मशरूका जब्त

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 1 क्विंटल 55 किलोग्राम चोरी किया गया विद्युत तार बरामद किया। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप, टाटा एस (छोटा हाथी) और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त मशरूके की कुल कीमत लगभग 22 लाख रुपये आंकी गई है।

ये आरोपी गिरफ्तार

मोनू केवट (21), निवासी फतेहपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी घंसौर

मोहम्मद समीम खान (42), निवासी अधारताल, जबलपुर

संदीप राजनट (19), निवासी पलारी

संजय नटराज (50), निवासी घंसौर

इसके अलावा 7 विधिविरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के अनुसार एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष बंसोड़ के नेतृत्व में उनि कोमेन्द्र गौतम, सउनि सुनील कुमार मरावी, प्रधान आरक्षक रुपसिंह मरावी, आरक्षक भास्कर सरवैया, संजय भलावी और देवेश चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button