सिवनीमध्यप्रदेश

सिवनी में कांग्रेस का संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर संपन्न, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

हरीश चौधरी बोले- अब जमीनी कार्यकर्ताओं की राय से होंगे स्थानीय संगठनात्मक फैसले; महेंद्र जोशी ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का किया आह्वान

सिवनी में दो दिवसीय कांग्रेस संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर संपन्न, बूथ स्तर पर जोर

Seoni 09 August 2026
सिवनी यशो:- जिला कांग्रेस कमेटी सिवनी द्वारा संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत ब्लॉक अध्यक्षों, मंडलम अध्यक्षों एवं नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को समापन हुआ। एमएम अग्रोहा में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, स्थानीय कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी संघर्ष की रणनीति पर चर्चा हुई।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मार्गदर्शन तथा मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशन में जिला स्तरीय संगठन सृजन अभियान के तहत आयोजित किया गया।

ध्वजारोहण के साथ शुरू हुआ प्रशिक्षण

जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी ने ध्वजारोहण कर प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं प्रचार विभाग प्रभारी तथा प्रशिक्षक महेंद्र जोशी एवं प्रदेश प्रवक्ता राहुल राज विशेष रूप से उपस्थित रहे।

‘संविधान और देशहित को व्यक्तिगत राजनीति से ऊपर रखें’

प्रशिक्षक महेंद्र जोशी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश जिन परिस्थितियों से गुजर रहा है, उसका मुकाबला कांग्रेस का समर्पित कार्यकर्ता ही कर सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर संविधान और देशहित में काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास संघर्ष, त्याग और बलिदान का रहा है। कांग्रेस के महान नेताओं ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता को सिवनी के घर-घर पहुंचकर लोगों को कांग्रेस की विचारधारा, लोकतंत्र और संविधान की ताकत से जोड़ना होगा।

‘अब फैसले जमीनी कार्यकर्ताओं की राय से होंगे’

प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन के द्वितीय सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि अब पार्टी की गतिविधियां और निर्णय केवल दिल्ली या भोपाल से संचालित नहीं होंगे, बल्कि जमीनी स्तर पर जिलों और स्थानीय कार्यकर्ताओं की भूमिका को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के चयन और स्थानीय संगठनात्मक निर्णयों में क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की राय तथा संगठनात्मक सक्रियता को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। चौधरी ने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और अनुशासन के साथ जनहित के मुद्दों पर प्रभावी संघर्ष करने का आह्वान किया।

‘सोशल मीडिया को हथियार की तरह इस्तेमाल करें’

प्रदेश प्रवक्ता राहुल राज ने कहा कि भाजपा से मुकाबला करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया को प्रभावी माध्यम के रूप में इस्तेमाल करना होगा।

उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और रोजगार के मुद्दे को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के युवा शिक्षित होने के बावजूद रोजगार के अवसरों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों से फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप ग्रुप और एआई तकनीक के माध्यम से पार्टी की बात और सरकार की नीतियों से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

अतिथियों का किया सम्मान

प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित मुख्य अतिथि हरीश चौधरी, महेंद्र जोशी एवं राहुल राज को जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी, प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभारी अतुलचंद मालू एवं सुधीर जैन द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर शॉल-श्रीफल से सम्मानित किया गया।

आयोजकों ने प्रशिक्षण शिविर को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर पूर्व विधायक अर्जुन सिंह काकोडिया, प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजा बघेल, जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजकुमार खुराना, शिव सनोडिया, मो. असलम खान, ब्रजेश सिंह बघेल, मुकेश जैन, प्रसन्नचंद मालू, हर्षवर्धन सिंह ‘लकी’ बघेल, टेकचंद बोपचे, मोहन सिंह चंदेल, जेपीएस तिवारी, आजम दीवान अली, विष्णु करोसिया, रंजीत यादव, जिला पंचायत सदस्य घनश्याम सनोडिया, दुपेन्द्र अमूले, शिवदीप डहेरिया, नितिन डहेरिया, सतीश सरयाम, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य ‘मोंटू’ भूरा, देवीसिंह चौहान, आदित्य सिंह, सेवादल अध्यक्ष मुबारक खान, जाहिद खान, प्रकाश सूर्यवंशी, यशपाल भलावी, अशोक नरेती, देवेन्द्र ठाकुर, राहुल उइके, धनंजय सिंह, जयप्रकाश सिंह परिहार, उदय सिंह बघेल, विनोद नामदेव, नंदू यादव, सुजीत गोदरे, नितिन बघेले, ऋषभ ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं आवासीय प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।

दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कांग्रेस ने सिवनी में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और स्थानीय कार्यकर्ताओं को निर्णय प्रक्रिया में अधिक भूमिका देने का संदेश दिया।

यह भी पढ़े :-

ज्वाला देवी मंदिर में 153वां संगीतमय सुंदरकांड पाठ संपन्न, श्रद्धालुओं ने लिया स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति का संकल्प

सिवनी विधायक दिनेश राय ने पीपरडाही और कातलबोडी का किया दौरा, किसानों की समस्याएं सुनीं

सुशासन का आधार न्याय, हर नागरिक तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता : CM डॉ. मोहन यादव

भोपाल-रीवा समेत चार नई हवाई सेवाओं का आज शुभारंभ, सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ

https://depwd.gov.in/

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button