भोपाल-रीवा समेत चार नई हवाई सेवाओं का आज शुभारंभ, सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ
नई हवाई सेवाएं मध्यप्रदेश – भोपाल-रीवा समेत 4 नई हवाई सेवाओं का शुभारंभ आज, CM मोहन यादव करेंगे फ्लैग ऑफ
भोपाल यशो :- मध्यप्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में रविवार 9 अगस्त को बड़ा कदम उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राजा भोज एयरपोर्ट, भोपाल में प्रदेश की चार नई सीधी हवाई सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री भोपाल से रीवा के लिए शुरू होने वाली पहली उड़ान को फ्लैग ऑफ करेंगे।
नई सेवाओं में भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी उड़ानें शामिल हैं। इन सेवाओं का संचालन अलायन्स एयर द्वारा किया जाएगा।
मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति से मिलेगी आर्थिक सहायता
नई हवाई सेवाओं को मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के अंतर्गत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। प्रत्येक राउंड ट्रिप पर राज्य शासन द्वारा 10 लाख रुपये तक की वायबिलिटी गैप फंडिंग (VGF) दी जाएगी।
राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न शहरों को देश के प्रमुख गंतव्यों से सीधे जोड़ना और नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं समयबद्ध आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
अब तक 8 हवाई मार्ग स्वीकृत
मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति के अंतर्गत अब तक 8 नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से चार मार्गों पर सेवाएं पहले ही शुरू हो चुकी हैं। इनमें रीवा-दिल्ली, रीवा-इंदौर, रीवा-रायपुर और इंदौर-अबूधाबी हवाई मार्ग शामिल हैं।
अब चार नए मार्गों पर सीधी उड़ान सेवाएं शुरू की जा रही हैं।
भोपाल-रीवा उड़ान से विंध्य को फायदा
भोपाल-रीवा सीधी हवाई सेवा से राजधानी भोपाल और विंध्य क्षेत्र के बीच सीधा हवाई संपर्क मजबूत होगा। इससे यात्रियों को सड़क और रेल मार्ग की लंबी यात्रा के मुकाबले कम समय में आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
वहीं भोपाल-पटना उड़ान से मध्यप्रदेश की राजधानी सीधे बिहार की राजधानी से जुड़ेगी। इससे यात्रियों, व्यापारियों और कारोबारियों के साथ मध्यप्रदेश में रहने वाली बिहार की बड़ी आबादी को भी लाभ मिलेगा।
रीवा और जबलपुर से कोलकाता की सीधी उड़ान
रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता के बीच सीधी हवाई सेवाएं शुरू होने से प्रदेश के दोनों महत्वपूर्ण शहरों का कोलकाता और पूर्वी भारत से हवाई संपर्क मजबूत होगा।
नई उड़ानों से पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ये गणमान्य अतिथि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किन्जारापु राममोहन नायडू, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव समीर कुमार सिन्हा, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन विपिन कुमार, अलायन्स एयर के चेयरमैन अमित कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहेंगे।



