सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी, एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
समय-सीमा बैठक में जन-विश्वास अभियान, स्वरोजगार योजनाओं और हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा; छात्रवृत्ति शिकायतें एक सप्ताह में निराकृत करने के निर्देश
सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर सिवनी कलेक्टर सख्त, एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
Seoni 10 August 2026
सिवनी यशो:- कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समय-सीमा प्रकरणों के साथ सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान, स्वरोजगारमूलक योजनाओं, हर घर तिरंगा अभियान और स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं आमजन से जुड़े मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर सख्त रुख
सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा के दौरान ऊर्जा, राजस्व, पंचायत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और खाद्य विभाग से संबंधित शिकायतों की स्थिति देखी गई। बिना अटेंड पाई गई शिकायतों पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ऐसे अधिकारियों का एक-एक दिन का वेतन अवैतनिक करने के निर्देश दिए, जिनके स्तर से शिकायतों को निर्धारित समय पर अटेंड नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शिकायतकर्ता को संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण उपलब्ध कराया जाए।
छात्रवृत्ति शिकायतों का एक सप्ताह में निराकरण
कलेक्टर ने छात्रवृत्ति से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए अधिकतम एक सप्ताह में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
अधिक संख्या में सीएम हेल्पलाइन शिकायतें प्राप्त होने वाले विभागों को विशेष शिविर आयोजित कर शिकायतों के निराकरण के निर्देश भी दिए गए।
जन-विश्वास अभियान के शिविरों की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आगामी दिनों में आयोजित होने वाले शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और मुख्य नगरपालिका अधिकारियों को शिविरों का व्यवस्थित एवं प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों के माध्यम से नागरिकों को स्थानीय स्तर पर शासन की सेवाओं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक लाभान्वित हो सकें।
स्वरोजगार योजनाओं में पात्र प्रकरण बैंकों को भेजने के निर्देश
बैठक में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, पीएमएफएमई सहित विभिन्न स्वरोजगारमूलक योजनाओं की विभागवार एवं योजनावार समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अधिक से अधिक पात्र प्रकरण तैयार कर बैंकों को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक स्तर पर लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विभागीय अधिकारियों को नियमित समन्वय करने को कहा, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराकर स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।
हर घर तिरंगा अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर
हर घर तिरंगा अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिले के सभी नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने तिरंगा यात्राओं, जागरूकता कार्यक्रमों तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों, युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं को भी अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला एवं खंड स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को कार्यक्रमों का गरिमामय, व्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, ध्वजारोहण, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने विभागवार दायित्व निर्धारित कर तैयारियों की सतत मॉनिटरिंग करने तथा स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कागजी समीक्षा नहीं, मैदानी स्थिति भी देखें अधिकारी
बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि मैदानी स्तर पर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का भी अवलोकन किया जाए।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में अपर कलेक्टर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, संयुक्त कलेक्टर, सभी अनुविभागीय अधिकारी, मुख्य नगरपालिका अधिकारी, जिला अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :-
सिवनी में कांग्रेस का संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर संपन्न, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
मंडला में नर्मदा उफान पर, निचली बस्तियां खाली कराई गईं; जलाशय में मजदूर बहा, LIVE वीडियो आया सामने
बीमा की रकम खाते में आते ही साइबर ठगों ने साफ किए करीब 3 लाख, UPI से निकाली राशि



