ट्रैक्टरों पर तिरंगा, जुबां पर जय जवान-जय किसान: लखनादौन से घंसौर तक गूंजा राष्ट्रप्रेम
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रदीप राय के नेतृत्व में निकली ‘जय किसान जय जवान तिरंगा यात्रा’, विधायक दिनेश राय मुनमुन ने पूरी यात्रा में संभाली ट्रैक्टर की कमान
जय किसान जय जवान तिरंगा यात्रा: लखनादौन से घंसौर तक ट्रैक्टरों का काफिला, विधायक ने चलाया ट्रैक्टर
Seoni 14 August 2026
सिवनी/लखनादौन/घंसौर यशो:- हाथों में लहराता तिरंगा, ट्रैक्टरों पर सवार किसान और गूंजते भारत माता के जयकारे… शुक्रवार को लखनादौन से घंसौर तक का मार्ग देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकाली गई विशाल ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा ने क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा शुक्रवार को ‘जय किसान जय जवान तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। लखनादौन से घंसौर तक निकली इस विशाल ट्रैक्टर तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए।
किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रदीप राय के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ शामिल हुए। यात्रा में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन सहित भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता सहभागी बने।
ट्रैक्टर की स्टेयरिंग थाम विधायक ने बढ़ाया किसानों का उत्साह
तिरंगा यात्रा की सबसे खास तस्वीर उस समय देखने को मिली, जब सिवनी विधायक दिनेश राय मुनमुन ने स्वयं ट्रैक्टर की स्टेयरिंग संभाली और पूरी यात्रा में ट्रैक्टर चलाकर किसानों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाया। विधायक के इस अंदाज ने यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह और बढ़ा दिया।

यात्रा के शुभारंभ अवसर पर किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रदीप राय ने मां भारती के जयकारों के बीच सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते एवं विधायक दिनेश राय मुनमुन का पुष्पमालाओं से आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद तिरंगा लहराते हुए यात्रा घंसौर की ओर रवाना हुई।
गांव-गांव हुआ तिरंगा यात्रा का स्वागत
लखनादौन से घंसौर तक यात्रा के मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न ग्रामों में ग्रामीणों ने जगह-जगह तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। ट्रैक्टरों की लंबी कतार, हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत नजर आया।
किसानों और कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय तथा देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस के पूर्व राष्ट्रीय गौरव और एकता का संदेश दिया।
शहीद जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
तिरंगा यात्रा के दौरान देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद जवान प्रवीण सिंह राजपूत और शहीद जवान फत्तेसिंह कूडोपा की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
इस दौरान देश के वीर जवानों के बलिदान को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की सुरक्षा में उनके योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश के साथ निकली यात्रा
किसान मोर्चा की यह यात्रा एक ओर जहां देश की रक्षा करने वाले जवानों के सम्मान का संदेश दे रही थी, वहीं दूसरी ओर देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले किसानों के प्रति सम्मान भी प्रदर्शित कर रही थी। तिरंगे के साथ ट्रैक्टरों पर निकले किसानों ने ‘जय जवान, जय किसान’ की भावना को साकार किया।
ये रहे प्रमुख सहभागी
यात्रा में लखनादौन विधानसभा की पूर्व विधायक शशि ठाकुर, भाजपा जिला महामंत्री मुकेश बघेल, विजय उइके, रामलाल राय, दीपक निगम (उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत लखनादौन), अनिल गोल्हानी, नवनीत ठाकुर (जिला उपाध्यक्ष), मुकेश शिवहरे, प्रमोद पटेल, सुभाष यादव एवं डॉ. नीलेश जैन सहित भाजपा के जिला पदाधिकारी, किसान मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के समापन तक देशभक्ति का जोश बना रहा। ट्रैक्टरों पर लहराते तिरंगों और भारत माता के जयकारों ने लखनादौन से घंसौर तक राष्ट्रप्रेम की ऐसी तस्वीर पेश की, जिसमें खेतों की मिट्टी और तिरंगे का सम्मान एक साथ दिखाई दिया।
यह भी पढ़े :-
सिवनी भाजपा कार्यालय में 15 अगस्त को लहराएगा तिरंगा, जिलाध्यक्ष मीना बिसेन करेंगी ध्वजारोहण
नाग पंचमी पर 17 अगस्त को मनाया जाएगा चौरसिया दिवस, 16 अगस्त को निकलेगी सामाजिक रैली



