सड़क हादसे रोकने सुरक्षा उपायों में तेजी, स्कूल वाहनों की भी होगी नियमित जांच
सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक में कलेक्टर नारायन के निर्देश—दुर्घटना संभावित स्थानों पर क्रैश बैरियर-कैट आई जल्द लगाएं, लंबित हाईमास्ट कनेक्शन भी कराएं
छिंदवाड़ा में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, क्रैश बैरियर-कैट आई लगाने के निर्देश
Chhindwara, 29 September 2026
छिंदवाड़ा यशो:- जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आवागमन को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनएचएआई एवं एमपीआरडीसी द्वारा जिले के विभिन्न घुमावदार एवं दुर्घटना संभावित मार्गों पर लगाए जा रहे क्रैश बैरियर और कैट आई की जानकारी दी गई।
कलेक्टर नारायन ने निर्देश दिए कि जिले में दुर्घटना संभावित सभी स्थानों को चिन्हित कर वहां क्रैश बैरियर एवं कैट आई लगाने का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता हो, वहां सड़क सुरक्षा की दृष्टि से अन्य जरूरी उपाय भी तत्काल सुनिश्चित किए जाएं, ताकि वाहन चालकों को रात और दिन दोनों समय सुरक्षित आवागमन मिल सके।
स्कूल वाहनों में बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं
बैठक में स्कूल वैन एवं अन्य स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर नारायन ने निर्देश दिए कि सभी स्कूल वाहनों में बच्चों के बैठने की उचित और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि अतिरिक्त सीट, पट्टी या अन्य ऐसी असुरक्षित व्यवस्था के जरिए बच्चों को बैठाए जाने की स्थिति पर लगातार कार्रवाई की जाए, जिससे बच्चों के गिरने अथवा चोटिल होने की आशंका बनी रहती है। संबंधित विभागों को स्कूल वाहनों की नियमित जांच करने और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
लंबित हाईमास्ट कनेक्शन जल्द कराने के निर्देश
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले में स्थापित हाईमास्ट लाइटों के संचालन की स्थिति पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि जिन हाईमास्ट पर अभी तक विद्युत कनेक्शन लंबित हैं, वहां शीघ्र कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए, ताकि रात्रि के समय सड़कों और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।



