सिवनी में खेतों से खाद केंद्र तक पहुंचे संचालक कृषि उमाशंकर भार्गव
अरहर प्रदर्शन और धान के साथ दलहन खेती का किया निरीक्षण, उर्वरक का पर्याप्त भंडारण रखने और किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज तैयार करने की दी सलाह
सिवनी में संचालक कृषि उमाशंकर भार्गव का दौरा, फसलों और खाद व्यवस्था का निरीक्षण
Seoni 12 September 2026
सिवनी यशो:- संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास मध्यप्रदेश भोपाल उमाशंकर भार्गव ने शनिवार 12 सितंबर को सिवनी जिले का भ्रमण कर विभिन्न ग्रामों में फसलों की स्थिति और कृषि गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर खेती-किसानी से जुड़ी जानकारी ली तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संचालक कृषि ने विकासखंड सिवनी के ग्राम लखनवाड़ा में आत्मनिर्भर दलहन कार्यक्रम के तहत कृषक मुकेश बघेल के खेत में लगाए गए अरहर प्रदर्शन का निरीक्षण किया। उन्होंने फसल की स्थिति देखी और किसान से उत्पादन, खेती की पद्धति तथा कृषि गतिविधियों की जानकारी ली।
धान के साथ अरहर और कंद वाली फसलों का निरीक्षण
इसके बाद श्री भार्गव ने विकासखंड कुरई के ग्राम धोबीसर्रा में किसानों द्वारा धान के साथ की जा रही अरहर की खेती तथा कंद वाली फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से फसल प्रबंधन और उत्पादन की जानकारी ली।
उन्होंने किसानों को दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वयं गुणवत्तापूर्ण बीज तैयार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता खेती की उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
खाद वितरण केंद्र पर परखी व्यवस्था
विकासखंड बरघाट के ग्राम गंगेरूआ स्थित मार्कफेड के उर्वरक वितरण केंद्र का निरीक्षण करते हुए संचालक कृषि ने उर्वरक के भंडारण एवं वितरण की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने किसानों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
कस्टम हायरिंग सेंटर में कृषि यंत्रों की जानकारी ली
ग्राम खमरिया में कृषक श्री हिमांशु बिसेन द्वारा संचालित कस्टम हायरिंग केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। श्री भार्गव ने केंद्र में उपलब्ध कृषि यंत्रों की जानकारी लेने के साथ यह भी जाना कि किसानों को इन सुविधाओं का कितना लाभ मिल रहा है।
उन्होंने जिले में कृषि क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों तथा किसानों द्वारा अपनाई जा रही विविध कृषि गतिविधियों की सराहना की।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उपसंचालक कृषि सिवनी सुधीर कुमार धुर्वे, सहायक संचालक कृषि प्रफुल्ल घोड़ेसवार एवं पवन कुमार कौरव, सहायक कृषि यंत्री श्रीमती शहला नाज कुरैशी, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मेघदूत परते सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



