सिवनीमध्यप्रदेश

आंधी ने मचाई तबाही: खेतों में बिछी मक्के की फसल, किसानों के बीच पहुंचे विधायक रजनीश हरवंश सिंह

खापा बाजार-डोकरांजी सहित प्रभावित क्षेत्रों का विधायक ने किया दौरा, खेतों में पहुंचकर देखी नुकसान की हकीकत; अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र सर्वे के दिए निर्देश

सिवनी यशो:- केवलारी विधानसभा क्षेत्र में तेज आंधी-हवा ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खापा बाजार, डोकरांजी सहित आसपास के गांवों में तेज हवाओं के चलते खेतों में खड़ी मक्के की फसल बड़े पैमाने पर जमीन पर बिछ गई है। फसल के ऐन समय पर हुए इस नुकसान से किसानों को आर्थिक क्षति की चिंता सताने लगी है।

मक्के की फसल को हुए नुकसान की जानकारी मिलते ही केवलारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक ठाकुर रजनीश हरवंश सिंह प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे। विधायक ने किसानों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा खेतों में पहुंचकर तेज आंधी से बिछी मक्के की फसल की स्थिति का मौके पर जायजा लिया।

खेतों में पहुंचकर देखी नुकसान की वास्तविक स्थिति

विधायक ठाकुर रजनीश हरवंश सिंह ने प्रभावित किसानों से चर्चा के दौरान उनकी मेहनत, लागत और फसल को हुए नुकसान की जानकारी ली। किसानों ने बताया कि तेज हवा के कारण तैयार हो रही मक्के की फसल खेतों में बिछ गई है। कई स्थानों पर फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।

विधायक ने मौके पर खेतों की स्थिति देखी और किसानों को उनकी समस्या के निराकरण के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया।

अधिकारियों से की चर्चा, शीघ्र सर्वे पर जोर

किसानों को हुए नुकसान के संबंध में विधायक ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र फसल सर्वे कराने तथा वास्तविक नुकसान का आंकलन सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के नुकसान का नियमानुसार आकलन होना चाहिए, ताकि पात्र किसानों को शासन के प्रावधानों के अनुसार राहत एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके।

किसानों के बीच पहुंचकर लिया हालात का जायजा

विधायक का क्षेत्रीय दौरा केवल औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने किसानों के बीच पहुंचकर खेतों में खड़ी फसल की वास्तविक स्थिति देखी और किसानों से सीधे संवाद किया। अचानक आई तेज आंधी से प्रभावित किसानों की परेशानी को देखते हुए फसल सर्वे और नुकसान के उचित आंकलन को प्राथमिकता दिए जाने की आवश्यकता सामने आई है।

खापा बाजार, डोकरांजी और आसपास के क्षेत्रों में मक्के की फसल को हुए नुकसान के बाद अब किसानों की नजर प्रशासनिक सर्वे और राहत प्रक्रिया पर है। विधायक द्वारा अधिकारियों से की गई चर्चा के बाद प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!