हर्रई सिविल अस्पताल में गणेशोत्सव, आरती में उमड़े श्रद्धालु
हर्रई, छिंदवाड़ा यशो :- सिविल अस्पताल हर्रई का परिसर इन दिनों भगवान श्री गणेश की भक्ति, आराधना और सेवा भावना से सराबोर है। अस्पताल परिसर में हनुमान मंदिर एवं शिव मंदिर के समीप स्थापित की गई भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण और आस्था का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। प्रतिदिन होने वाली भव्य आरती, भजन-कीर्तन, रामायण पाठ और धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।

संध्या समय गणेश जी, भगवान शिव एवं श्री हनुमान जी की आरती के दौरान अस्पताल परिसर भक्तों से भर जाता है। विभिन्न भजन मंडलियों और महिला रामायण मंडलों द्वारा प्रतिदिन भजन, कीर्तन एवं रामायण पाठ किया जा रहा है। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए भंडारा-प्रसादी की व्यवस्था की जाती है, जिसे भक्तजन प्रेमपूर्वक ग्रहण कर रहे हैं।
भक्ति के साथ स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश
इस आयोजन की विशेषता यह है कि यहां भक्ति के साथ सेवा और जनचेतना का संदेश भी दिया जा रहा है। सिविल अस्पताल का चिकित्सा परिवार श्रद्धालुओं और आमजनों को मौसम के संक्रमण काल में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहा है। चिकित्सकों एवं चिकित्सा स्टाफ द्वारा लोगों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, मच्छरों से बचाव के हरसंभव उपाय करने तथा अस्वस्थ होने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

चिकित्सा स्टाफ द्वारा लोगों से बीमारी की स्थिति में झाड़-फूंक जैसे अंधविश्वासों से बचने और उचित चिकित्सकीय उपचार लेने की अपील भी की जा रही है। आदिवासी अंचल में स्वास्थ्य संबंधी इस प्रकार की जनजागरूकता को विशेष रूप से उपयोगी माना जा रहा है। धार्मिक आयोजन के साथ स्वास्थ्य संदेश दिए जाने से आमजन तक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सहज रूप से पहुंच रही है।
डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता
गणेश प्रतिमा की स्थापना और धार्मिक आयोजनों में सिविल अस्पताल के शासकीय चिकित्सकों, महिला चिकित्सकों, बीएमओ, नर्सिंग स्टाफ एवं समस्त कर्मचारियों का विशेष सहयोग बना हुआ है। वहीं बस स्टैंड परिसर के कुछ व्यापारियों द्वारा भी आयोजन में सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
अस्पताल परिसर में प्रतिदिन उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ इस आयोजन के प्रति लोगों की आस्था को दर्शा रही है। आरती के दौरान गूंजते गणपति बप्पा के जयकारे, भजन-कीर्तन और धार्मिक वातावरण के बीच चिकित्सा परिवार द्वारा दिया जा रहा स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश आयोजन को एक अलग पहचान दे रहा है।
श्रद्धा, सेवा और जागरूकता का अनूठा संगम
हर्रई सिविल अस्पताल में आयोजित यह गणेशोत्सव धार्मिक आस्था के साथ मानव सेवा और जनजागरूकता का संदेश भी दे रहा है। एक ओर श्रद्धालु भगवान गणेश, शिव एवं हनुमान जी की आराधना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर चिकित्सा परिवार लोगों को स्वस्थ जीवन और बीमारी से बचाव के प्रति जागरूक कर रहा है। इस सेवा भाव के लिए अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों एवं समस्त स्टाफ की क्षेत्र में सराहना भी की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-
महाराजा के दरबार में पहुंचा संयुक्त अध्यापक शिक्षक संघ
3 हजार दीपों से जगमगाया बैनगंगा घाट, भाजपा ने मनाया “आशीर्वाद का दीया”
7,400 से ज्यादा विद्यार्थियों को मिलेगी ई-स्कूटी, मेधावी छात्रों को CM मोहन यादव की बड़ी सौगात



