टुरिया गेट पर लिया सुरक्षित पर्यटन का संकल्प
सिवनी यशो:- मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा संचालित महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना अंतर्गत इंडियन ग्रामीण सर्विसेज संस्था द्वारा पेंच संकुल के टुरिया गेट में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की थीम “इस रक्षा बंधन संकल्प सुरक्षित पर्यटन स्थल का” पर की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डिप्टी रेंजर सतीराम उईके द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर फॉरेस्ट विभाग से डिप्टी रेंजर भुवनेश्वर पटले, स्वास्थ्य विभाग से नीलोफर खान, ग्राम पंचायत टुरिया की सरपंच कोतिका खुरसाम, सचिव जयदेव अवथरे, ग्राम पंचायत कोहका के सचिव अनिल मरकाम, कुरई कॉलेज से प्रोफेसर पारधी, पेंच पर्यटन क्षेत्र में कार्यरत जिप्सी ड्राइवर एवं गाइड खवासा, पचधार कोहका, जामुन टोला, नीम टोला, अंबाडी, खंबा, खामरिट, सतोसा, अवरघणी, तेलिया सहित अन्य ग्रामों की लगभग 140 महिला पुरुष कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इंडियन ग्रामीण सर्विसेज संस्था की तरफ से संकुल प्रमुख सुश्री रीना साहू एवं सहयोगी सनोद नागवंशी के द्वारा आयोजित कार्यशाला में “इस रक्षाबंधन संकल्प सुरक्षित पर्यटन का” विषय में विस्तार से प्रकाश डाला गया, साथ ही महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के अंतर्गत पेंच संकुल में किये जा रहे विभिन्न कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों के विषय में विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार से जुड़ी महिलाओं द्वारा अपने-अपने अनुभव साझा किए गए। डिप्टी रेंजर सतीराम उईके द्वारा महिलाओं के लिए फॉरेस्ट विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनों को रक्षाबंधन संकल्प सुरक्षित पर्यटन का संकल्प दिलाया गया साथ ही आसपास के दुकानदारों, जिप्सी ड्राइवर एवं गाइडों को राखी बांधकर पर्यटकों की सुरक्षा का संकल्प दिलाया गया।




