सिवनी यशो:- विधानसभा चुनाव के लिये निर्वाचन आयोग ने आचार संहिता लागू कर दी है । आचार संहिता के साथ ही चुनाव का पूरा कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है । चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही राजनैतिक हलचल भी तेजी से बढ़ गयी है । आम मतदाता अब कयास लगाने लगा है कि विधानसभा में किस पार्टी से कौन प्रत्याशी होगा । हालांकि भारतीय जनता पार्टी ने जिले की चार विधानसभाओं में से बरघाट विधानसभा के लिये काफी पहले भाजपा से पूर्व विधायक रहे कमल मर्सकोले को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था और चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही भाजपा की जारी हुई चौथी सूची में जिला मुख्यालय की विधानसभा सीट सिवनी से विधायक दिनेश राय मुनमुन को अधिकृत प्रत्याशी के रूप में घोषित कर दिया । केवलारी एवं लखनादौन के प्रत्याशी भाजपा ने भी घोषित नहीं किये है जबकि कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में अभी एक भी प्रत्याशी घोषित नहीं किये है । कांग्रेस की पहली सूची पितृपक्ष के बाद ही घोषित होगी ऐसा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने सार्वजनिक रूप से एलान किया है ।
सिवनी विधानसभा में कांग्रेस और केवलारी तथा लखनादौन में भाजपा प्रत्याशियों में रस्साकशी
जानकारी के अनुसार कांग्रेस की ओर से बरघाट विधानसभा के लिये वर्तमान विधायक अर्जुन सिंह काकोडिय़ा और लखनादौन विधानसभा के लिये योगेश बाबा ठाकुर ही प्रत्याशी होंगे जबकि कांग्रेस से ही केवलारी विधानसभा में बहुत अधिक संभावना रजनीश सिंह ठाकुर को प्रत्याशी बनाये जाने का है । केवलारी विधानसभा में ठाकुर रजनीश सिंह की सक्रियता भी इस बात की ओर संकेत कर रही है कि उन्हें पार्टी की ओर से इशारा प्राप्त हो गया है परंतु कांग्रेस का सिवनी विधानसभा से प्रत्याशी कौन होगा यह अनुमान लगाना कठिन है । सिवनी विधानसभा से कांग्रेस के प्रबल दावेदारों में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राजकुमार खुराना, लल्लू बघेल, राजा बघेल, आनंद पंजवानी एवं मोहन सिंह चंदेल का नाम चर्चाओं में है ।
सिवनी विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर यदि रस्साकशी चल रही है तो भाजपा की दो विधानसभाएँ केवलारी एवं लखनादौन में भी अधिकृत प्रत्याशी कौन होगा इस बात को लेकर असमंजस की स्थिती है । केवलारी विधानसभा में बहुत अधिक संभावना वर्तमान विधायक राकेश पाल को प्रत्याशी बनाये जाने की है परंतु चौथी सूची में भी राकेश पाल का नाम नहीं आने से अन्य दावेदारों की उम्मीदे बढ़ गयी है और उनके प्रयास तेज हो गये है । लखनादौन विधानसभा से विजय उईके, अशोक तेेकाम, सुनील तेकाम एवं राजेश्वरी उईके के नाम जोर शोर से चल रहे है वहीं संभावना यह भी व्यक्त की जा रही है कि पूर्व विधायक श्रीमती शशि ठाकुर के नाम पर भी भाजपा विचार कर रही है ।
महिला प्रत्याशी पर भी हो रहा है विचार
जानकारी पर यदि विश्वास किया जाये तो सिवनी जिले की चारो विधानसभाओं में कम से कम एक विधानसभा में दोनो राजनैतिक दल एक सीट पर महिला को प्रत्याशी बनाने पर भी कसरत कर रहे है महिलाओं एक भी सीट पर चुनाव न लड़ाने से राजनैतिक दलों का संदेश ठीक नहीं जायेगा यह चिंता भी उन्हें सता रही है । दोनो राजनैतिक दलों की स्थिती स्पष्ट है कि भाजपा ने दो विधानसभाओं में अपने प्रत्याशी घोषित कर दिये है अब भाजपा केवलारी एवं लखनादौन विधानसभा में प्रत्याशी घोषित करेंगी संभव है इन्हीं दो विधानसभाओं में से किसी एक पर महिला प्रत्याशी का नाम घोषित करें और बहुत अधिक संभावना लखनादौन विधानसभा से की जा रही है । यहाँ पूर्व विधायक श्रीमती शशि ठाकुर या श्रीमती राजेश्वरी उईके के नाम पर विचार किया जा सकता है । वहीं कांग्रेस पार्टी के पास एक मात्र विधानसभा ही ऐसी है जहाँ आंशिक संभावना ही है कि महिला प्रत्याशी यहाँ से घोषित की जाये । राजनैतिक दलों के महिलाओं को महिला आरक्षण के बाद महिल मतदाताओं में भी संदेश देना है ।





