Seoni 22 January 2025
सिवनी यशो:- बुधवार 22 जनवरी 2025 को आबकारी विभाग सिवनी के समस्त पांच वृत्तों के कार्यपालिक स्टॉफ के द्वारा सिवनी शहर के गंजवार्ड में अवैध शराब बनाने के अड्डों पर संयुक्त छापामार कार्यवाही की गई है जिसमें अवैध शराब बनाने के अड्डों और सड़ा हुआ महुआ लाहन नष्ट किया गया है। कार्यवाही में कुल 05 आपराधिक प्रकरण कायम किए गए हैं। आरोपी लक्ष्मीबाई पत्नी सुनील कुचबंदिया उम्र 40 वर्ष निवासी गंजवार्ड, शकुन पत्नी जालम सिंह उम्र 60 वर्ष निवासी गंजवार्ड, पूजा पत्नी प्रकाश कुचबंदिया उम्र 35 वर्ष निवासी गंजवार्ड, सीमा पत्नी विजय माना ढाकुर उम्र 35 वर्ष निवासी गंजवार्ड, माया पत्नी कल्लू कुचबंदिया उम्र 45 वर्ष निवासी गंजवार्ड के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34 (1) क के अंतर्गत न्यायालयीन प्रकरण कायम किया गया है।
कार्यवाही में 65 लीटर अवैध हाथ भट्टी कच्ची शराब एवं 310 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद कर जप्त किया गया है। आज की छापामार कार्यवाही में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रणय श्रीवास्तव, आबकारी उप निरीक्षक राजेश सिंघल, सुश्री खुशबू प्रिया मरावी एवं रवींद्र लिल्हारे अपने स्टॉफ सहित शामिल रहे हैं।





