सिवनी में अब गांव-गांव पहुंचेगा प्रशासन! 14 अगस्त से जन विश्वास अभियान, मौके पर सुनी जाएंगी समस्याएं
योजनाओं की मॉनिटरिंग के साथ शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण, अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश
सिवनी जन विश्वास अभियान: 14 अगस्त को बिछुआरैयत में जनसंवाद, मौके पर होगा समस्याओं का निराकरण
Seoni 13 August 2026
सिवनी यशो:- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के तहत सिवनी जिले में अब प्रशासन गांव और शहर के बीच पहुंचकर आमजन से सीधे संवाद करेगा। अभियान के अंतर्गत जन संवाद एवं क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नागरिकों की समस्याएं और शिकायतें मौके पर सुनी जाएंगी तथा उनके त्वरित निराकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान का मुख्य उद्देश्य शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी, लोक सेवाओं का निर्धारित समय-सीमा में लाभ दिलाना तथा प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
14 अगस्त से जिले में शुरू होंगे जन संवाद कार्यक्रम
राज्य शासन द्वारा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पंचायत सिवनी द्वारा 14 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जन संवाद एवं क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। आमजन अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। मौके पर ही संबंधित विभाग द्वारा निराकरण की कार्रवाई की जाएगी।
शासकीय संस्थाओं का होगा निरीक्षण
जन संवाद के साथ अधिकारियों द्वारा संबंधित क्षेत्रों में शासकीय एवं अशासकीय संस्थाओं का निरीक्षण भी किया जाएगा। स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य संस्थाओं में व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया जाएगा।
निर्देशों के अनुसार निरीक्षण दिवस पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे कमियों और समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
कार्यक्रम की तैयारियों की जिम्मेदारी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सहायक मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत के अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को सौंपी गई है। कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
14 अगस्त को बिछुआरैयत में पहला जनसंवाद
अभियान के तहत 14 अगस्त 2026 को ग्राम पंचायत बिछुआरैयत, जनपद पंचायत केवलारी में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस दौरान केवलारी नगर परिषद के सभी 15 वार्डों सहित आसपास के विभिन्न ग्रामों एवं क्षेत्रों का भ्रमण किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र में पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन, शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं और नागरिकों से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेंगे।
इन क्षेत्रों में पहुंचेगा प्रशासन
जन संवाद एवं क्षेत्र भ्रमण के दौरान बिछुआरैयत के साथ खैरांजी, पुत्तरा, ग्वारी, सुनेहरा, गुबरिया, बदेली, खापा, खरसारू, झोला, अर्जुनझिर, अलोनीखापा, परासपानी, जामुनपानी, सरेखा पां, ढुटेरा, पांजरा, पाथरफोड़ी, झगरा, चिरचिरा, डुंगरिया, घंसौर, ग्वारी, खैरा, खापा बाजार, लोपां, मैरा, मुंगापार, पिपरियाकला, अहरवाड़ा, छिंदा, केवलारीखेड़ा, खुर्सीपार, माल्हनवाड़ा, पुंगार, रायखेड़ा, सुकतरा, टाली एवं तिंदुआ क्षेत्र शामिल हैं।
मौके पर समस्या, मौके पर समाधान
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रशासन का प्रयास रहेगा कि नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। अधिकारी क्षेत्र में पहुंचकर शिकायतों की वास्तविक स्थिति जानेंगे और पात्रता एवं नियमों के अनुसार मौके पर ही निराकरण की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
इस अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी भी जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग की जाएगी।
यह भी पढ़े :-
“तिरंगा हाथ में, दिल में देशभक्ति… सिवनी की सड़कों पर उमड़ा नारी शक्ति का सैलाब”
सिवनी कलेक्टर का बड़ा एक्शन: 20 लापरवाह अधिकारियों का वेतन काटने के आदेश



