“तिरंगा हाथ में, दिल में देशभक्ति… सिवनी की सड़कों पर उमड़ा नारी शक्ति का सैलाब”
हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली ऑल वुमन तिरंगा रैली, शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर किया आत्मीय स्वागत
सिवनी में तिरंगे की शान में एकजुट हुई नारी शक्ति, हजारों महिलाओं ने निकाली ऑल वुमन तिरंगा रैली
Seoni 13 August 2026
सिवनी यशो:- हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना के मार्गदर्शन में गुरुवार को सिवनी में आयोजित ऑल वुमन तिरंगा रैली राष्ट्रप्रेम, नारी शक्ति और जनभागीदारी का भव्य संगम बन गई।
रैली में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए हाथों में तिरंगा थामा और कदम से कदम मिलाकर देशप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
रैली में महिला जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, गृहणियों, महाविद्यालय एवं स्कूलों की छात्राओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

केसरिया, सफेद और हरे रंग के परिधानों में सजी महिलाओं की उपस्थिति से पूरा आयोजन तिरंगे के रंगों में रंगा नजर आया।
तिरंगा हाथ में, दिल में देशभक्ति का जज्बा
हाथों में लहराते राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों के बीच महिलाओं ने पूरे उत्साह के साथ रैली में कदमताल की। रैली के दौरान सिवनी शहर की सड़कों पर राष्ट्रप्रेम का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। महिलाओं ने तिरंगे के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रभावी संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक श्री दिनेश राय, कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी, पूर्व सांसद श्रीमती नीता पटेरिया, जनपद अध्यक्ष श्रीमती किरण भलावी, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अंजली शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति रही।
शहीद परिवारों का सम्मान, भावुक हुआ माहौल
कार्यक्रम के दौरान शहीदों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। शहीद परिवारों के सम्मान का यह अवसर उपस्थित लोगों के लिए भावुक और गौरवपूर्ण क्षण रहा। सभी ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और समर्पण को नमन किया।
पुलिस ग्राउंड से शुरू हुई रैली
ऑल वुमन तिरंगा रैली का शुभारंभ पुलिस ग्राउंड से हुआ। यहां से रैली सर्किट हाउस चौराहा, बाहुबली चौक, मिशन स्कूल रोड, गांधी भवन एवं अंबेडकर चौक होते हुए पुनः सर्किट हाउस चौराहा पहुंची और इसके बाद पुलिस ग्राउंड में रैली का समापन हुआ।

पूरे मार्ग में महिलाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हाथों में तिरंगा और जोशीले राष्ट्रभक्ति के नारों से शहर का वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।
शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
रैली के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर शहरवासियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। नागरिकों ने रैली पर पुष्पवर्षा कर महिलाओं का आत्मीय स्वागत किया और राष्ट्रप्रेम के इस आयोजन का अभिनंदन किया।
रैली में महिला जनप्रतिनिधियों से लेकर अधिकारी, कर्मचारी, गृहिणियां और छात्राएं एक साथ तिरंगे की शान में कदमताल करती नजर आईं। इस दौरान नारी शक्ति की विविधता में एकता का संदेश भी देखने को मिला।

मानव श्रृंखला बनाकर दिया एकता और अखंडता का संदेश
पुलिस मैदान में रैली के समापन अवसर पर महिलाओं ने मानव श्रृंखला बनाकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया। तिरंगे के साथ एकजुट खड़ी महिलाओं का यह दृश्य आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस ऑल वुमन तिरंगा रैली ने स्वतंत्रता दिवस से पहले सिवनी में देशभक्ति के माहौल को और मजबूत कर दिया। रैली में महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के सम्मान में सिवनी की नारी शक्ति पूरी मजबूती के साथ देश के साथ खड़ी है।
यह भी पढ़े :-
“भोपाल में तिरंगे का महासैलाब! नाव पर सवार हुए CM मोहन यादव, जल-थल-नभ में गूंजा ‘भारत माता की जय’”
47 हजार 990 करोड़ के प्रस्तावों को मंजूरी, स्वास्थ्य, सड़क और महिला सशक्तिकरण पर सरकार का बड़ा फोकस



