एआइसीसी व पीसीसी के पर्यवेक्षगणों ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में भरा जोश
दिशा-निर्देश के साथ ही संगठनात्मक विषयों पर की चर्चा
Chhindwara 11 June 2025
छिंदवाड़ा यशो :- एआइसीसी एवं पीसीसी से छिन्दवाड़ा संसदीय क्षेत्र के लिए नियुक्त पर्यवेक्षगणों ने स्थानीय राजीव कांग्रेस भवन में सर्वप्रथम जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक ली। आयोजित बैठक में संगठन को सशक्त करने से लेकर पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की साथ ही कमलनाथ एवं नकुलनाथ के नेतृत्व में संचालित जिला कांग्रेस संगठन की प्रशंसा की साथ ही जिले के विकास की सराहना भी की।
आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए एआइसीसी से नियुक्त पर्यवेक्षक संजय कपूर ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस जल्द ही नए स्वरूप में नजर आएगी। संगठन सृजन अभियान के सार्थक परिणाम भी अविलम्ब सामने आएंगे। कमलनाथ एवं नकुलनाथ के नेतृत्व में छिन्दवाड़ा जिला कांग्रेस संगठन मजूबत है तभी तो जिले की सातों विधानसभा सीट विजयी हुई। सातों विधायकों को जिताने का काम इसी संगठन ने किया है।
मप्र में लम्बे अंतराल के उपरांत कांग्रेस की सरकार बनी थी। इसके लिए भी उन्होंने कांग्रेस के जिला संगठन को बधाई दी। श्री कपूर ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत अच्छे नेतृत्व का चयन करना है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस अभियान में व्यक्तिगत नहीं बल्कि संगठनात्क बात होगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी से नियुक्त पर्यवेक्षक सरेन्द्र चौधरी ने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि मप्र व देश में छिन्दवाड़ा की पहचान कमलनाथ एवं नकुलनाथ की वजह से हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस संगठन यहां सबसे अधिक मजबूत है, और यहां उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की मेहनत व लगन से आगे भी सशक्त रहेगा। संगठन सृजन अभियान कांग्रेस के प्रत्येक पदाधिकारी व कार्यकर्ता का है, इसमें सभी की हिस्सेदारी नितांत आवश्यक है। इसीलिये कोई भी अपने-आपको इस अभियान से अलग ना समझें।



