मध्यप्रदेशधर्मसिवनी

गोंडवाना कालीन गढ़ी की दीवार तोड़कर सड़क निर्माण का आरोप, गोंडवाना समाज में रोष

छपारा में राजा रामसिंह उइके की ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण की उठी मांग, जनपद अध्यक्ष सदम सिंह बरकड़े ने जताई नाराजगी

छपारा गोंडवाना गढ़ी दीवार तोड़कर सड़क निर्माण का आरोप, समाज में रोष

छपारा/सिवनी यशो :- छपारा स्थित गोंडवाना कालीन ऐतिहासिक गढ़ी की दीवार तोड़कर सड़क निर्माण किए जाने का आरोप लगाते हुए गोंडवाना समाज ने कड़ा विरोध जताया है।

जनपद पंचायत छपारा के अध्यक्ष सदम सिंह बरकड़े ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह गढ़ी गोंडवाना साम्राज्य और छपारा के संस्थापक राजा रामसिंह उइके की ऐतिहासिक धरोहर है, जिसे संरक्षित किए जाने के बजाय नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

बरकड़े ने कहा कि गोंडवाना समाज के लिए राजा रामसिंह उइके केवल एक शासक नहीं, बल्कि गौरव और अस्मिता के प्रतीक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन द्वारा ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के बजाय उनके अस्तित्व को धीरे-धीरे समाप्त किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि छपारा आज भी राजा रामसिंह उइके की गढ़ी के नाम से पहचाना जाता है, लेकिन नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, स्वागत द्वार या अन्य सार्वजनिक स्थलों पर उनके सम्मान में कोई प्रतिमा या नामांकन तक नहीं किया गया है।

गढ़ी के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की मांग

गोंडवाना समाज ने मांग की है कि छपारा के प्रमुख चौक पर राजा रामसिंह उइके की प्रतिमा स्थापित की जाए, नगर के स्वागत द्वार पर उनका नाम अंकित किया जाए तथा सिद्ध बाबा घाट स्थित ऐतिहासिक गढ़ी का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाए, ताकि यह धरोहर पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के रूप में विकसित हो सके।

कई बार किया पत्राचार, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

सदम सिंह बरकड़े ने बताया कि इस विषय में विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री को कई बार पत्र लिखकर ध्यान आकर्षित कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि इसके विपरीत गढ़ी की दीवार तोड़कर सड़क निर्माण का कार्य जारी है।

मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण

मामले को लेकर कोया गोंडवाना महासभा छपारा की बैठक आयोजित की गई। इसके बाद जनपद अध्यक्ष सदम सिंह बरकड़े, महासभा अध्यक्ष सकत धुर्वे, जनपद सदस्य नीलेश मशकोले और सुरेंद्र भलावी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। समाज के प्रतिनिधियों का दावा है कि निरीक्षण के दौरान गोंडवाना कालीन गढ़ी की दीवार को तोड़कर मार्ग बनाए जाने की स्थिति सामने आई।

समाज के लोगों का कहना है कि ऐतिहासिक गढ़ी का संरक्षण और विकास किया जाना चाहिए, क्योंकि इसे देखने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं और यह क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है।

नोट: यह समाचार गोंडवाना समाज और जनपद पंचायत अध्यक्ष सदम सिंह बरकड़े द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति एवं लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित विभाग या प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!