13 सितंबर तक निराकरण नहीं हुआ तो 14 से एसडीएम कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल
जिला पंचायत उपाध्यक्ष राकेश सनोडिया की प्रशासन को चेतावनी, सामुदायिक पार्क-ओपन जिम और नवीन बस स्टैंड के लिए भूमि का मामला करीब दो साल से लंबित
कुरई भूमि प्रकरण: 13 सितंबर तक निराकरण नहीं तो 14 से भूख हड़ताल
सिवनी/कुरई यशो:- कुरई क्षेत्र में विकास एवं जनसुविधाओं से जुड़े दो महत्वपूर्ण भूमि प्रकरणों का लंबे समय से निराकरण नहीं होने पर अब आंदोलन की स्थिति बनती दिखाई दे रही है। जिला पंचायत सिवनी के उपाध्यक्ष राकेश सनोडिया ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 13 सितंबर 2026 तक दोनों प्रकरणों का स्पष्ट एवं अंतिम निराकरण नहीं किया गया, तो वे 14 सितंबर को सुबह 11 बजे से एसडीएम कार्यालय कुरई के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।

राकेश सनोडिया के अनुसार, ग्राम कुरई के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए ग्राम पंचायत कुरई के सरपंच के साथ पिछले करीब दो वर्षों से कलेक्टर सिवनी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वनमंडलाधिकारी, एसडीएम कुरई, तहसीलदार कुरई तथा वन विभाग के अधिकारियों के समक्ष लगातार आवेदन और पत्राचार किया जा रहा है। इसके बावजूद दोनों मामलों में अब तक कोई ठोस एवं अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है।
सामुदायिक पार्क और ओपन जिम का निर्माण अटका
पहला प्रकरण ग्राम कुरई एवं पिंडकापार की राजस्व भूमि खसरा क्रमांक 105/1 एवं संबंधित भूमि से जुड़ा बताया गया है। राकेश सनोडिया के अनुसार, वन विभाग के भवन, कार्यालय, मार्ग एवं अन्य आवश्यक परिसंपत्तियों के अलावा पर्याप्त रिक्त भूमि उपलब्ध है।
इसी भूमि पर जिला पंचायत निधि से सामुदायिक पार्क, गार्डन एवं ओपन जिम का निर्माण प्रस्तावित एवं स्वीकृत है। आरोप है कि उक्त भूमि पर वन विभाग द्वारा तार एवं बांस की फेंसिंग किए जाने के कारण प्रस्तावित निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
इस मामले में लंबे समय से भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है।
पुराने जर्जर क्वार्टरों की भूमि पर नवीन बस स्टैंड का प्रस्ताव
दूसरा प्रकरण कुरई बस स्टैंड के समीप स्थित वन विभाग के पुराने एवं जर्जर शासकीय क्वार्टरों की भूमि से संबंधित है। बताया गया है कि इन क्वार्टरों को लोक निर्माण विभाग द्वारा कंडम घोषित किया जा चुका है।
राकेश सनोडिया के अनुसार, परिसर के आगे और पीछे पर्याप्त भूमि उपलब्ध होने के बावजूद वहां अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई है। जनहित को देखते हुए इस स्थान पर नवीन बस स्टैंड, सुलभ शौचालय, यात्री प्रतीक्षालय सहित अन्य सार्वजनिक सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है।
इसके लिए ग्राम पंचायत को भूमि हस्तांतरण अथवा आवंटन किए जाने की मांग को लेकर करीब दो वर्षों से संबंधित विभागों के समक्ष आवेदन दिए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक ठोस निर्णय नहीं हो सका है।
संयुक्त निरीक्षण और सीमांकन की मांग
जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने कहा कि दोनों मामलों में कई बार आवेदन दिए जाने के बावजूद संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक, स्थल निरीक्षण, सीमांकन और अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है। इससे कुरई के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और आम नागरिकों को प्रस्तावित जनसुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि दोनों प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक एवं स्थल निरीक्षण कराया जाए तथा 13 सितंबर तक लिखित एवं स्पष्ट निर्णय लिया जाए।
14 सितंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की चेतावनी
राकेश सनोडिया ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक दोनों भूमि प्रकरणों का न्यायोचित निराकरण नहीं किया गया तो वे 14 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे से एसडीएम कार्यालय कुरई के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि भूख हड़ताल दोनों प्रकरणों के लिखित एवं न्यायोचित निराकरण होने तक जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति निर्मित होने पर इसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों की होगी।
अब प्रशासन के सामने 13 सितंबर की समय-सीमा से पहले दोनों लंबित भूमि प्रकरणों पर निर्णय लेने की चुनौती है।
यह भी पढ़ें:-
सेवा संकल्प अभियान को लेकर नगर भाजपा दक्षिण मंडल की कार्यशाला संपन्न
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते सिवनी प्रवास पर, विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
सागर अवैध शराब कांड में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बड़ा एक्शन, न्यायिक जांच के आदेश
सिवनी से छिंदवाड़ा पहुंची MD ड्रग्स की खेप, कारोबारी पुलिस के शिकंजे में



