विचार, संगठन और तकनीक का संगम बना भाजपा का जिला प्रशिक्षण महाभियान
दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग का भव्य शुभारंभ, छः सत्रों में कार्यकर्ताओं को मिला वैचारिक और तकनीकी मार्गदर्शन

भाजपा का दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण महाभियान सिवनी, ध्वजारोहण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
Seoni 23 May 2026
सिवनी यशो: – भारतीय जनता पार्टी के पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत 23 मई से स्थानीय दा ग्रेंड राजवाड़ा सेलेब्रेसन में दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ। प्रशिक्षण वर्ग का प्रारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन एवं वरिष्ठ नेताओं तथा जनप्रतिनिधियों द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके उपरांत पार्टी पदाधिकारियों द्वारा प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन किया गया।

मंच पर आगमन से पूर्व उपस्थित मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते, बालाघाट सांसद श्रीमती भारती पारधी, वर्ग प्रभारी सत्यनारायण अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन सहित सभी अतिथियों ने भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना की। वंदे मातरम् गान एवं वर्ग गीत के साथ प्रशिक्षण वर्ग का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

वर्ग गीत अंकित ठाकुर द्वारा प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री मुकेश बघेल द्वारा प्रभावी रूप से किया गया।

योग्य और वैचारिक कार्यकर्ताओं के निर्माण का माध्यम है प्रशिक्षण : मीना बिसेन
प्रस्तावना उद्बोधन में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन ने प्रशिक्षण वर्ग की आवश्यकता, महत्व एवं संगठनात्मक उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि योग्य, समर्पित एवं वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध कार्यकर्ताओं के निर्माण में प्रशिक्षण की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के लिए अपेक्षित संख्या 178 निर्धारित की गई थी, जिसमें से 170 प्रशिक्षणार्थी वर्ग में सहभागिता कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ग को भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान करने हेतु वर्ग प्रभारी सत्यनारायण अग्रवाल द्वारा उत्कृष्ट व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं। वर्ग संयोजक की भूमिका भाजपा जिला महामंत्री संतोष अग्रवाल निभा रहे हैं, वहीं वर्ग नियंत्रक लालू राय संपूर्ण वर्ग नियंत्रण एवं कार्यक्रम संचालन का दायित्व संभाल रहे हैं। जिला महामंत्री गजानंद पंचेश्वर सहित अन्य जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को भी विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों से अनुशासन एवं समय पालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। श्रीमती बिसेन ने विश्वास व्यक्त किया कि यह प्रशिक्षण वर्ग न केवल कार्यकर्ताओं के लिए उपयोगी एवं प्रेरणादायी सिद्ध होगा, बल्कि इसके उत्कृष्ट एवं व्यवस्थित आयोजन से प्रदेश स्तर पर सिवनी जिले की विशेष पहचान भी स्थापित होगी।

विचार और समर्पण से मजबूत होता है संगठन : फग्गनसिंह कुलस्ते
वर्ग संयोजक संतोष अग्रवाल ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते एवं बालाघाट सांसद श्रीमती भारती पारधी ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए प्रशिक्षण की अनिवार्यता एवं संगठनात्मक महत्व को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की विकास यात्रा में विचार के प्रति निष्ठावान, ध्येय के प्रति समर्पित, व्यवहार कुशल एवं लोकसंग्रही कार्यकर्ताओं की भूमिका ही उसकी वास्तविक शक्ति होती है।

आधुनिक तकनीक से संगठन विस्तार की आवश्यकता : सत्यनारायण अग्रवाल
भाजपा जिला प्रभारी सत्यनारायण अग्रवाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए सरकारों की उपलब्धियों को समाज तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना तथा संगठन का चतुर्दिक विस्तार एवं गुणात्मक विकास करना आज की प्रमुख आवश्यकता है।
छः महत्वपूर्ण सत्रों में मिला वैचारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण
भाजपा जिला मीडिया विभाग से मनोज मर्दन त्रिवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिन विभिन्न विषयों पर छह महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें वरिष्ठ वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया।
प्रथम सत्र में “विचार परिवार” विषय पर प्रदेश भाजपा के कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन ने मार्गदर्शन दिया। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व सांसद डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने की।
द्वितीय सत्र में मेला एवं तीर्थ क्षेत्र प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोटिया ने “देश के समक्ष चुनौतियाँ, राजनीति एवं सामाजिक विषय” पर अपने विचार रखे। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष वेद सिंह ठाकुर ने की।
तृतीय सत्र में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मंडला भीष्म द्विवेदी ने “कार्यपद्धति” विषय पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक राकेश पाल द्वारा की गई।
चतुर्थ सत्र में छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी ने “अपनी सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाएँ एवं उनके क्रियान्वयन में संगठन की भूमिका” विषय पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष कीरत सिंह बघेल ने की।
सोशल मीडिया, एआई और सकारात्मक परसेप्शन पर विशेष सत्र
पंचम सत्र में “सोशल मीडिया, नई तकनीकी, एआई, प्रभावी सूचना तंत्र एवं संगठन के लिए सकारात्मक परसेप्शन निर्माण” विषय पर जबलपुर के मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू एवं संभागीय सोशल मीडिया प्रभारी आदित्य शर्मा ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष सुदर्शन बाझल ने की।
कार्यकर्ता विकास और संगठनात्मक अपेक्षाओं पर प्रेरक उद्बोधन
प्रथम दिवस के षष्ठम सत्र में पूर्व विधायक ताराचंद बाबरिया ने “कार्यकर्ता विकास, संभाल एवं अपेक्षाएँ” विषय पर प्रेरक उद्बोधन दिया। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व जिला अध्यक्ष सुजीत जैन द्वारा की गई।
व्यवहारिक प्रशिक्षण और समूह गतिविधियों का भी आयोजन
इन छह सत्रों की समाप्ति के पश्चात प्रशिक्षणार्थियों के लिए व्यवहारिक सत्र एवं समूह आधारित गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं। प्रशिक्षण वर्ग का दूसरा दिन 24 मई को पाँच विशेष सत्रों के साथ संपन्न होगा। यह पूर्णतः आवासीय प्रशिक्षण वर्ग है, जिसमें सभी प्रशिक्षणार्थियों के रात्रि विश्राम की व्यवस्था संगठन द्वारा सुनिश्चित की गई है।



