सुपर सीडर मशीन से नरवाई का बेहतर प्रबंधन, कृषकों को मिलेगा बंफर लाभ
कृषक ने बिना नरवाई जलाये सुपर सीडर मशीन से सीधे की मूंग एवं उड़द की बुआई
Seoni 04 April 2025
सिवनी यशो:- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन के निर्देशन में जिले में नरवाई में आगजनित दुर्घटना की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। योजना अंतर्गत जिले में संबंधित विभाग द्वारा किसानों से संपर्क कर फसल कटाई उपरांत बची नरवाई के प्रबंधन के विकल्पों तथा नई तकनीक से अवगत कराने के साथ ही शासन की योजना अंतर्गत नई तकनीकी के कृषि उपकरण उपलब्ध कराये जा रहे हैं।
ऐसे ही हितग्राहियों में सिवनी विकासखंड के ग्राम-परतापुर के कृषक अभिषेक सनोडिया भी है जिन्होंने वर्ष-2024-25 में कस्टम हायरिंग योजनांतर्गत सुपर सीडर मशीन प्राप्त कर पूर्व फसल की नरवाई जलाये बिना उड़द और मूंग की बोआई सुगम रूप से की है।
विगत 27.03.2025 को कृषि अभियांत्रिकी विभाग के सहायक कृषि यंत्री सुश्री शहला नाज कुरैशी एवं उपयंत्री जे.एस.धुर्वे की उपस्थिति में नरवाई युक्त खेत में सुपर सीडर मशीन से मूंग की बोनी कार्य सुगम सुविधाजनक रूप से संपन्न हुआ जिससे कृषक श्री सनोडिया अत्यंत प्रसन्न हैं
कृषक श्री अभिषेक सनोडिया के द्वारा बताया गया की पहले परम्परागत रूप से खेती करने पर गेहू फसल की कटाई के बाद खेत में पडी नरवाई में आग लगाते थे। उसके बाद खेत में कल्टीवेटर व रोटावेटर से खेत की तैयारी की जाती थी। तत्पश्चात सीड ड्रिल से मूंग व उड़द की बोनी की जाती थी।
इस प्रक्रिया में मिटटी में युक्त किसान मित्र सूक्ष्म जीव व जंतू एवं पोषक तत्व नष्ट हो जाते थे एवं समय और लागत भी अधिक लगता था परन्तु अब कृषि अभियांत्रिकी से कृषक द्वारा नरवाई प्रबंधन से संबंधित उन्नत कृषि यंत्र का लाभ प्राप्त कर खेत में पडी नरवाई को जलाये बिना सीधे सुपर सीडर मशीन से वोनी करने पर खेत में पडी नरवाई खेत की मिटटी में विलय होकर खाद के रूप में परिवर्तित हो जाता है और खेत की तैयारी में लागत एवं समय की बचत होती है। कृषक श्री सनोडिया शासन की योजना अंतर्गत प्राप्?त हुई सुपर सीडर मशीन के उपयोग से अत्यंत प्रसन्न हैं तथा अन्य कृषकों को भी नवीन तकनीक को अपनाकर नरवाई न जलाने की अपील करते हैं।






