सामूहिक नेतृत्व, कार्यकत्र्ताओं का समर्पण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से भाजपा ने जनता का विश्वास जीता
सिवनी यशो:-इस लोकसभा चुनाव में भाजपा और एनडीए को ऐतिहासिक बहुमत मिला और नरेन्द्र मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं। 62 वर्षों बाद देश ने किसी प्रधानमंत्री को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में जनादेश देकर स्वीकारोक्ति की है। भाजपा को इस लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की बताई चार जातियां युवा, गरीब, महिला और किसान सहित सभी समाज वर्ग के कल्याण के लिए किए गए कार्यों से विजय मिली है। उक्त आशय की बात शनिवार 13 जुलाई को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा के अनुसूचित जाति के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जाटव द्वारा कही गई।
डा. जाटव ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश के सामूहिक नेतृत्व, कुशल रणनीति के साथ ही समर्पित कार्यकर्ताओं की श्रृंखला ने विधानसभा और लोकसभा की पूर्ण विजय को सुनिश्चित किया। 2023 में हुए मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में भी मध्यप्रदेश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा पर विश्वास प्रकट करते हुए 163 विधानसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय दिलाई है और अब लोकसभा के चुनाव में भी प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत दिया है।
मध्यप्रदेश के विकास के लिये सरकार पाँच वर्ष में बजट का आकार दोगुना करने संकल्पित
डा. जाटव ने कहा कि, प्रधानमंत्री जी का वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है। भाजपा सरकार का प्रयास है कि आगामी 5 वर्षों में प्रदेश के वार्षिक बजट के आकार को दोगुना किया जाए। इस संबंध में पहला कदम 2023-24 के बजट की तुलना में बिना कोई नया कर लगाये वर्ष 2024-25 के बजट में 16 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। प्रदेश में निरंतर कुशल वित्तीय प्रबंधन एवं आर्थिक गतिविधियों के विस्तार से प्रदेश में प्रतिव्यक्ति आय में निरंतर वृद्धि हो रही है। 2003-04 में प्रति व्यक्ति आय मात्र 13 हजार 465 रूपये थी, जो कि बढ़कर अब लगभग 11 गुना हो गई है। जनवरी-2024 में जारी रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश के 2 करोड़ 30 लाख लोग गरीबी से बाहर आये हैं। पिछले 10 वर्षो में चार करोड़ प्रधानमंत्री आवास बनाए गए हैं। तीसरे कार्यकाल में 3 करोड़ नए आवास बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत मध्यप्रदेश में लाखों मकान बनाए जाएंगे।
विकास के लिये सुगम यातायात बनाने प्रयास प्रारंभ
डा. जाटव ने कहा कि, मध्यप्रदेश में एक्सप्रेस-वे नेटवर्क के माध्यम से 299 किलोमीटर का अटल प्रगति पथ, 900 किलोमीटर का नर्मदा प्रगति पथ, 676 किलोमीटर के विंध्य एक्सप्रेस-वे, 450 किलोमीटर के मालवा-निमाड़ विकास पथ, 330 किलोमीटर के बुंदेलखण्ड विकास पथ एवं 746 किलोमीटर के मध्य भारत विकास पथ के कार्य गतिमान हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत 2024-25 में लगभग 1 हजार किलो मीटर सड़क का निर्माण एवं लगभग 2 हजार किलो मीटर सड़कों का नवीनीकरण होने जा रहा है।
गोवंश के संरक्षण के लिये भाजपा संकल्पि
डा. जाटव ने कहा कि, हमारी सरकार ने जल-जीवन मिशन प्रारंभ कर जल क्रांति को जन्म दिया है। इस योजना के तहत 70 लाख 86 हजार 293 घरों तक नल से जल की सुविधा पहुंची चुकी है। साथ ही प्रति वर्ष प्रति किसान रूपये 12 हजार की सम्मान निधि लगभग 82 लाख किसानों को उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश में कुल 2 हजार 190 गौ शालाओं का संचालन किया जा रहा है, जिनमें 3 लाख गौवंश हैं। गौवंश को प्रतिदिन 40 रूपए आहार के लिए प्रदेश सरकार दे रही है। भाजपा सरकार ने वर्ष 2024-25 को गौवंश रक्षा वर्ष के रूप में भी मना रही है। प्रदेश में सिंचाई क्षमता 2028-29 तक 1 करोड़ हेक्टेयर किये जाने का लक्ष्य है।
युवाओं को बेहतर रोजगार दिये जायेंगे
डा. जाटव ने कहा कि, प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग में 42 हजार पदों पर भर्ती प्रारंभ की जा रही है। इसके साथ ही 7500 से अधिक पुलिस और 11 हजार से अधिक शिक्षकों के पदों को भी भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। इनके साथ ही अन्य विभागों के हजारों रिक्त पदों पर भी भर्ती की तैयारी है। युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने में भाजपा सरकार विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक लगभग 1 करोड़ 8 लाख परिवारों के 4 करोड़ 1 लाख सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।
मातृशक्ति को सशक्त और सक्षम बनाने की दिशा में हमारी सरकार ने लिये ऐतिहासिक निर्णय
डा. जाटव ने कहा कि, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा महिला सशक्तिकरण और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री जी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाकर महिलाओं को बराबरी का हक दिया है। भाजपा सरकार की लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, उज्जवला योजना, मातृ वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाओं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना में स्वामित्व का अधिकार दिए जाने से महिलाओं में आत्मविश्वास की वृद्धि हुई है। प्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत योजना प्रारंभ से लेकर अब तक 48 लाख 3 हजार बालिकाओं को लाभान्वित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में पिछले वर्ष के बजट अनुमान रूपये 75 करोड़ में 3 गुना से अधिक वृद्धि की गई है। बैगा, भारिया, सहरिया जैसी विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु पी.एम. जन-मन योजना के अन्तर्गत इस वर्ष 22 नवीन छात्रावास प्रारंभ किये जा रहे हैं।
तेंदूपत्ता संग्राहको को दिये बेहतर दाम
डा. जाटव ने कहा कि, तेंदूपत्ता संग्राहकों का मानदेय 3000 रू. प्रति बोरा से बढ़कर 4000 रू. किया गया है। 35 लाख तेंदूपत्ता संग्राहकों को लाभ देने का निर्णय किया गया है। किसानों को राहत पहुंचाने के लिए नामांतरण, बंटवारा और सीमाकंन के 3 लाख 70 हजार से अधिक लंबित प्रकरणों का निपटारा किया गया है। 7 लाख युवाओं को 5 हजार करोड़ रू. का स्व-रोजगार ऋण वितरित किया गया है।
अंत्योदय हमारा मूल मंत्र
डा. जाटव ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश अपने दायित्व का ध्यान रखते हुए विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए जुटी है। हमारा विचार राष्ट्र प्रथम है और हमारी प्रेरणा अंत्योदय है। अभी हमें आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश बनाने के लिए हमे अपनी बूथ समिति के सशक्तिकरण के प्रयासों को और अधिक बढ़ाना है। पन्ना प्रमुख की संकल्पना को पूर्णत: सिद्ध करना है, क्योंकि Óसंगठन तंत्र की शक्ति ही, वैभव का चित्र सजाती है।”
आज आयोजित इस पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा की जिला महामंत्री श्री अजय डागोरिया, जिला मंत्री डॉ अभिजीत सिंह चौहान, मीडिया प्रभारी श्रीकांत अग्रवाल एवं मनोज मर्दन त्रिवेदी एवं श्री ज्ञानचंद सनोडिया, श्री शिव सनोडिया इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।