होम्योपैथी के नि:शुल्क सिकल सेल शिविर में 2000 मरीज हुए लाभान्वित
Chhindwara 18 April 2025
छिंदवाड़ा यशो:-अपने लोकसभा क्षेत्र में जन जन के स्वास्थ्य की चिंता करने वाले संवेदनशील सांसद बंटी विवेक साहू सतत् रूप से नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर जन स्वास्थ्य की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में सांसद बंटी विवेक साहू के नेतृत्व में छिंदवाड़ा होम्योपैथी एसोसिएशन द्वारा जिले के सभी सिकल सेल रोगियों की सेवार्थ नि:शुल्क पैथोलॉजी जांच और होम्योपैथी इलाज का शिविर पूजा लॉज छिंदवाड़ा में लगाया गया। शिविर में कुल 2000 पंजीयन हुए, 1650 से अधिक मरीजों ने अपना इलाज और 240 मरीजों ने पैथालॉजी जांच कराई। इसमें से 1047 मरीज सिकल सेल के शिविर में पहुचे थे।
शिविर का शुभारंभ सांसद विवेक बंटी साहू ने किया। इस अवसर पर शिविर को संबोधित करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की मंशा और उनका संकल्प है कि 2047 तक आजादी के 100 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे देश से सिकल सेल की बीमारी को समाप्त करना है। आदरणीय प्रधानमंत्री जी के इस संकल्प को पूरा करने के लिए होम्योपैथी वेलफेयर एसोसिएशन आगे आया है, और इस शिविर के माध्यम से सिकल सेल के मरीजों को लाभ होगा ।
सांसद श्री साहू ने कहा कि मेरी भी विशेष रूचि सिकल सेल के मरीजों को लेकर रही है और हम लंबे समय से इसको लेकर काम कर रहे हैं । सिकल सेल के मरीजों के लिए यह सफल आयोजन किया गया है और जिले भर से सिकल सेल की बीमारी से पीडि़त बच्चे बड़ी संख्या में आए हुए हैं और उन्हें होम्योपैथी माध्यम से अच्छा इलाज मिलेगा। हम सबको इस बीमारी को रोकने के लिए आगे आना होगा, सभी का संकल्प है कि हमारा राष्ट्र विकसित राष्ट्र बने, प्रधानमंत्री श्री मोदी भी विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं, इसके लिए देश का हर बच्चा स्वस्थ रहना चाहिए, जिससे वह देश विकसित राष्ट्र के लिए अपना योगदान दे सके। प्रधानमंत्री जी लोगों के स्वास्थ्य के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं जिससे मरीजों को उपचार की अच्छी सुविधा मिल रही है।
ब्लड की कमी नहीं आने देंगे
सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि सरकार द्वारा सिकल सेल के मरीजों के लिए नि:शुल्क ब्लड की व्यवस्था की जाती है, लोग जागरूकता के अभाव में ब्लड नहीं देते हैं, लेकिन हमारे पास युवाओं की फौज है। जब भी सिकल सेल के मरीजों को ब्लड की आवश्यकता पड़ेगी हम सब तैयार हैं, हमेशा से हमारे युवा, कार्यकर्ता ब्लड डोनेट कर सिकल सेल के मरीजों के लिए आगे आ रहे हैं।
कलेक्टर ने की मरीजों से मुलाकात
शिविर में कलेक्टर शीलेंद्र सिंह ने होम्योपैथी एसोसिएशन के इस शिविर की सराहना करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू की प्रशंसा की और कहा कि उनके नेतृत्व में ऐसे कई सेवा कार्य किये जा रहे है जो कि सराहनीय है। उन्होंने रोगियों से मुलाकात भी की और उनकी परेशानी को जाना व समझा तथा मौजूद अधिकारियों को निदान के निर्देश भी दिए।
होम्योपैथी इलाज पूरी तरह इफेक्टिव और हानि रहित है
शिविर में एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ सपना साहू ने कहा कि होम्योपैथी इलाज पूरी तरह इफेक्टिव और हानि रहित है, यहां तक कि गर्भवती माताएं भी इसका लाभ ले सकती हैं। उन्होंने बताया कि होम्योपैथिक दवाएं एलोपैथिक दवाइयां के साथ दी जा सकती हैं और मरीज को लाभ जल्द से जल्द होता है, उनके होने वाले हड्डियों के दर्द ,शरीर के दर्द ,बुखार ,कमजोरी, पेट दर्द, चक्कर आना ,शरीर का विकास ना होना ,त्वचा पर जख्म होना, बार-बार इन्फेक्शन होना बार-बार ब्लड ट्रांसफ्यूजन इत्यादि को बहुत कम से काम किया जा सकता है।यह दवाएं सिकल सेल पीडि़त गर्भवती महिला भी सेवन करें तो उसका कोई साइड इफेक्ट या विपरीत प्रभाव उस पर तथा उसके बच्चे पर नहीं होता।होम्योपैथिक दवाएं सिकल सेल पीडि़त मरीजों के लिए पूर्णत सुरक्षित एवं उपयोगी हैं।
तामिया और छिंदवाड़ा में लगाया जाएगा शिविर
चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ कृष्ण हरजानी ने बताया कि शिविर में नि:शुल्क दवाएं और भोजन की व्यवस्था सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा की गई। आज के शिविर को सिकल सेल के उन्मूलन की शुरुआत बताते हुए उन्होंने कहा कि 19 जुन को सिकल सेल का अगला शिविर तामिया और छिंदवाड़ा में लगाया जाएगा। आज जिन मरीजों को होम्योपैथी दी गई है उनका फॉलोअप और इलाज दोनों आगे भी किया जाएगा।
कैंप में मरीजों की सिकल सेल स्क्रीनिंग ,खून की जांच, वजन, बीपी एवं शुगर की जांच भी की गई। विशेषज्ञ डॉक्टर्स द्वारा सिकल सेल रोगियों के लक्षणों के आधार पर नि:शुल्क जांच और इलाज किया गया, इसके अलावा डायबिटीज, स्त्री रोग एवं अन्य रोगियों का भी इलाज हुआ। शिविर में एसोसिएशन के सभी डॉक्टर्स ने अपनी सेवाएं दी। मंच संचालन डॉ शिवम् बेले ने और सभी अतिथियों/सहयोगियों का आभार डॉ कृष्ण हरजानी ने किया।
शिविर में यह रहे उपस्थित
शिविर में महापौर विक्रम अहके, चंद्रपुर से आए डॉक्टर राउतकर, वरिष्ठ भाजपा नेता राजू नरोटे,चंद्रकुमार चंदू जैन, जोगेंद्र अल्डक, रिजवान कुरैशी, रोहित पोफली, प्रभु नारायण नेमा, नवीन बारस्कर,एसडीएम सुधीर जैन, सीएमएचओ डॉ शास्त्री, डॉ कैथवास, डा. जे एस राय, चंद्रदीप जैन प्रमुख रूप से उपस्थित थे। शिविर में डॉ.सपना साहू, डॉ..मानव मित्रा, डॉ..सुजीत रघुवंशी, डॉ..अनु मौर्य, डॉ..शिवम बेले, डॉ.कृष्ण हरजानी सहित अन्य चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दी।







