सिवनीमध्यप्रदेश

सिवनी में गहराया ‘कैश संकट’: एटीएम खाली, लोग दिनभर भटकते रहे

बाजार में नकदी की कमी नहीं, फिर भी एटीएम बंद होने से उठने लगीं तरह-तरह की चर्चाएं

सिवनी कैश संकट: सभी बैंकों के एटीएम खाली, लोग दिनभर भटकते रहे

Seoni 07 June 2026

सिवनी यशो:- शहर में रविवार को गंभीर ‘कैश संकट’ जैसी स्थिति देखने को मिली। विभिन्न बैंकों के अधिकांश एटीएम खाली होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई एटीएम आउट ऑफ सर्विस मिले, जबकि अनेक मशीनों पर “नो कैश” का बोर्ड लगा दिखाई दिया। पूरे दिन लोग पैसे निकालने के लिए एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक भटकते नजर आए।

रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद थीं और लोग नकदी निकालने के लिए पूरी तरह एटीएम पर निर्भर रहे। सुबह से शाम तक शहर के विभिन्न इलाकों में ग्राहक एटीएम तलाशते रहे, लेकिन अधिकांश स्थानों पर उन्हें निराशा हाथ लगी।

हालांकि वर्तमान समय में अधिकांश भुगतान ऑनलाइन माध्यमों से हो जाते हैं, लेकिन छोटी खरीददारी, सब्जी, किराना, चाय-नाश्ता, ऑटो किराया और ग्रामीण क्षेत्रों में अब भी नगद लेनदेन अधिक होता है। ऐसे में एटीएम खाली होने से आम लोगों की दैनिक जरूरतें प्रभावित होती रहीं।

शहर में बाजार और व्यापारिक गतिविधियां सामान्य रूप से चलती रहीं तथा नगदी की कोई बड़ी कमी दिखाई नहीं दी, लेकिन एक साथ कई एटीएम खाली होने से लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई नागरिक यह सवाल उठाते नजर आए कि जब बाजार में नकदी का प्रवाह सामान्य है, तब अधिकांश एटीएम खाली कैसे हो गए।

कुछ लोगों ने इसे बैंकिंग प्रबंधन की लापरवाही बताया, जबकि कुछ ने छुट्टी के कारण कैश रीफिलिंग व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना जताई। वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

शहरवासियों ने मांग की है कि सप्ताहांत और छुट्टी वाले दिनों में एटीएम में पर्याप्त नकदी उपलब्ध कराने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी और भ्रम की स्थिति का सामना न करना पड़े।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button