ओमकला केंद्र की 200 से अधिक प्रशिक्षणार्थी होंगी सहभागी, भाजपा जिलाध्यक्ष मीना बिसेन सहित पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति में होगा आयोजन
सिवनी। राष्ट्र-आराधक प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर को सिवनी जिला मुख्यालय स्थित शंकराचार्य चौक गणेश मंदिर परिसर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शाम 6 से 7 बजे तक 1100 दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त की जाएंगी।
यह आयोजन ओमकला केंद्र द्वारा किया जा रहा है, जिसमें केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 200 से अधिक प्रशिक्षणार्थियों की सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती मीना बिसेन, दक्षिण मंडल अध्यक्ष अभिषेक दुबे सहित भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारियों की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।
मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने में 24 वर्षों से जुटा ओमकला केंद्र
ओमकला केंद्र पिछले 24 वर्षों से मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। केंद्र में महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई, ब्यूटी पार्लर सहित विभिन्न रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान किए जाते हैं। केंद्र से जुड़ी प्रशिक्षणार्थियों का कहना है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आत्मनिर्भर भारत और महिला सशक्तिकरण का संकल्प उन्हें निरंतर प्रेरणा देता है।
सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण का संकल्प
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से दीप प्रज्वलन को सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प का प्रतीक बनाया जाएगा। आयोजकों ने नागरिकों से भी इस अवसर पर सहभागी बनने और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की सेवा यात्रा के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत होने वाला यह आयोजन सिवनी में सामूहिक सहभागिता और संकल्प का संदेश देगा।