मध्यप्रदेशसिवनी
कलेक्टर ने लापरवाह अधिकारियों पर किया अर्थदंड अधिरोपित
सी एम. हेल्प लाइन की शिकायते बिना अटेंड किये बढ़ाते थे आगे
Seoni 03 February 2025
सिवनी यशो:- कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन की अध्यक्षता में सोमवार 03 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत नवजीवन विजय, अपर कलेक्टर सी एल चनाप एवं अपर कलेक्टर सुश्री सुनीता खण्डायत सहित सभी विभागों के कार्यालय प्रमुख उपस्थित थे, वहीं खंडस्तरीय अधिकारी वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े थे।
बैठक में कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने सीएम हेल्प लाईन, समय-सीमा में दर्ज प्रकरण, विभिन्न आयोग से प्राप्त शिकायतों, न्यायालयीन प्रकरण सहित अन्?य योजना की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर सुश्री जैन ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्प लाईन जिलेवार रैंकिंग के लिए चयनित शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए अधिकतम शिकायतों को संतुष्टि से निराकरण करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने बिना अटेंड किये उच्च स्तर पर पहुंची शिकायतों में संबंधित अधिकारी पर प्रति शिकायत 100-100 रूपये का अर्थदण्ड अधिरोपित करने के भी निर्देश दिये हैं।
बैठक में कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने सभी राजस्व अधिकारियों को स्वामित्व योजना के लंबित प्रकरणों में नियमानुसार कार्यवाही कर त्वरित निराकरण करने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री, आधार सीडिंग सहित पीएम किसान सम्मान निधि के पात्र किसानों के ई-केवायसी प्रकरणों को भी तेजी से निपटारे के लिए निर्देशित किया है। कलेक्टर सुश्री जैन ने पीएचई सहित जनपद के अधिकारियों को जल जीवन मिशन अंतर्गत एकल नलजल योजनाओं के शतप्रतिशत कार्यों को 31 मार्च की स्थिति में पूरा करने के लिए दिन प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए निेर्देशित किया है। कलेक्टर सुश्री जैन ने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर भी कार्यवाही करने के निर्देश पीएचई विभाग के अधिकारियों को दिये हैं।
बैठक में कलेक्टर सुश्री जैन ने शुक्रवार को आयोजित हुई कृषि संबंधी कार्यशाला के फीडबैक के संबंध में भी कृषि विभाग एवं जिला उद्योग एवं व्यापार केन्द्र के अधिकारियों के साथ ही अन्य संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कार्यशाला में प्राप्त सुझावों तथा कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए शीघ्र ही जिले के कृषि उत्पादों के बेहतर मूल्य तथा कृषकों की बाजार तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अन्य कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर सुश्री जैन ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों को अटल पेंशन योजना से जोड़े जाने की प्रगति की जानकारी लेकर महिला एवं बालविकस विभाग के अधिकारियों को अधिकतम पात्र हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये हैं।




