कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने वृद्ध आश्रम का आकस्मिक निरीक्षण किया
आश्रम परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया
Seoni October 13, 2025
सिवनी यशो:- कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने शनिवार को सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित वृद्ध आश्रम का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने आश्रम परिसर का भ्रमण कर वहां की समस्त व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और निवासरत वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनके स्वास्थ्य, भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा एवं दैनिक आवश्यकताओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

कलेक्टर श्रीमती पटले ने वृद्धजनों के साथ सौहार्दपूर्ण बातचीत करते हुए उनके अनुभवों और समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना।
उन्होंने आश्रम प्रबंधन को निर्देश दिए कि –
प्रत्येक वृद्धजन की देखभाल संवेदनशीलता और आत्मीयता से की जाए,
ताकि उन्हें परिवार जैसा वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पुराने आश्रम भवन की स्थिति का भी अवलोकन किया।
फर्श, दीवारों और अन्य मरम्मत योग्य हिस्सों पर ध्यान आकर्षित करते हुए
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को आवश्यक मरम्मत कार्यों का एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए,
जिससे आश्रम परिसर सुरक्षित और आरामदायक बनाया जा सके।
कलेक्टर ने स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य परीक्षण की नियमितता की भी समीक्षा की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृद्धजनों के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं और चिकित्सकीय टीम द्वारा नियमित जांच सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान सामाजिक न्याय विभाग की प्रभारी उपसंचालक, संबंधित अधिकारी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे



