शिक्षक भूपेंद्र चौधरी को कलेक्टर सुश्री जैन ने किया सम्मानित
Seoni 22 April 2025
सिवनी यशो:- नेशनल सिविल सर्विस डे के अवसर पर आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल में विगत दिवस आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सिवनी के माध्यमिक शिक्षक भूपेंद्र चौधरी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हस्ते मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित हुए। उन्हें आधुनिक तकनीक से विद्यार्थियों की प्रवेश संख्या बढोत्तरी के नवाचार के लिए राज्य स्तरीय पुरूस्कार से सम्मानित किया गया है तथा पुरूस्कार स्वरूप 01 लाख रूपये का चैक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है।
मंगलवार 22 अप्रैल को कलेक्टर सुश्री संस्कृति जैन ने शिक्षक श्री भूपेंद्र चौधरी को पुष्पगुच्छ, सॉल-श्रीफल भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। कलेक्टर सुश्री जैन ने शिक्षक भूपेंद्र चौधरी द्वारा किये गए नवाचार पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनके द्वारा बच्चों के लिए कक्षावार बनाए गए वीडियो का अवलोकन कर यूट्यूब के माध्यम से छात्र-छात्राओं के अध्यापन कार्य के बारे में जाना। उन्होंने छोटे बच्चों को बेहतर शिक्षा देने की कार्य योजना तथा स्मार्ट क्लास, एफएलएन की कार्य योजना की चर्चा की। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एस एस कुमरे, जिला परियोजना समन्वय श्री महेश बघेल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



