सिवनी

अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, प्राचीन धरोहरों को मिली मुक्ति

Seoni 22 April 2025
सिवनी यशो:- लखनादौन नगर परिषद लखनादौन ने आखिरकार शहर के हृदयस्थल में बरसों से जमे अवैध अतिक्रमण पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। इस मुहिम के तहत पुरातात्विक महत्व की बावली और प्राचीन हनुमान मंदिर के आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई स्थानीय प्रशासन के दृढ़ संकल्प और नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग का परिणाम है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्राचीन हनुमान मंदिर और ऐतिहासिक बावली के आसपास पिछले पच्चीसों वर्षों से अवैध कब्जेदारों ने अपना ठिकाना बना लिया था। इस क्षेत्र में खुलेआम शराब की बिक्री होती थी, जिसके चलते असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता था। नशे की हालत में लोगों का बावली में गिरना और दुर्भाग्यपूर्ण मौतों का होना एक आम बात हो गई थी, जिससे स्थानीय नागरिक भय और आक्रोश में थे।

वर्तमान में नगर परिषद लखनादौन मुख्य कार्यपालन अधिकारी और एसडीएम महोदय के नेतृत्व में इस अवैध अतिक्रमण को हटाने का बीड़ा उठाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमणकारियों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से न केवल प्राचीन धरोहरों ने राहत की सांस ली है, बल्कि मंदिर और बावली की पवित्रता भी बहाल हो सकेगी।

अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ नगर परिषद लखनादौन शहर के विकास और सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दे रही है। सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रगति पर है, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी। इसके अतिरिक्त, लोगों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय का निर्माण किया जाएगा और नगर के प्रवेश द्वार पर अवैध निर्माणों को हटाकर क्षेत्र को सुंदर बनाया जाएगा।

इस साहसिक कदम की धर्मप्रेमियों, पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षकों और स्वच्छता के प्रति जागरूक नागरिकों ने खुले मन से प्रशंसा की है। उनका मानना है कि इस कार्रवाई से शहर में शांति और व्यवस्था कायम होगी और हमारी ऐतिहासिक धरोहरें सुरक्षित रहेंगी। नागरिकों ने यह भी उम्मीद जताई है कि नगर परिषद शहर के अन्य हिस्सों में भी फैले अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए इसी तरह की प्रभावी कार्रवाई जारी रखेगी।

यह कार्रवाई लखनादौन के नागरिकों के लिए एक बड़ी जीत है और यह संदेश देती है कि अवैध कब्जों और असामाजिक गतिविधियों को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर परिषद का यह प्रयास निश्चित रूप से शहर के भविष्य के लिए एक सकारात्मक बदलाव लेकर आएगा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!