नंदीकेश्वर धाम में संस्कार, सम्मान और सेवा का संगम
विधायक दिनेश राय मुनमुन प्रतिभा सम्मान समारोह व स्वास्थ्य शिविर में हुए शामिल
Seoni 06 February 2026
सिवनी यशो:- शुक्रवार, 06 फरवरी 2026 को सिवनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दिनेश राय मुनमुन नगर के बरघाट रोड स्थित माता राजराजेश्वरी एवं भगवान परशुराम मंदिर प्रांगण, नंदीकेश्वर धाम में आयोजित यज्ञोपवीत संस्कार, प्रतिभा सम्मान समारोह एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बसंत उत्सव के पावन अवसर पर जिला ब्राह्मण समाज द्वारा आयोजित इस आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
पूजन-अर्चन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके पश्चात मंचीय कार्यक्रम में समाजजनों द्वारा विधायक श्री मुनमुन का तिलक लगाकर शाल-श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

मेधावियों को प्रतिभा सम्मान
कार्यक्रम के दौरान विधायक के करकमलों से समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतिभा सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर विधायक ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सम्मानित विद्यार्थी सिवनी का भविष्य हैं और उनकी मेहनत व लगन क्षेत्र को गौरवान्वित करेगी।
स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन, सेवा भाव की सराहना
विधायक श्री मुनमुन ने निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन कर सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों का सशक्त होना आवश्यक है। अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का यह प्रयास नर सेवा ही नारायण सेवा की भावना को साकार करता है।

संस्कार हमारी संस्कृति की नींव
अपने उद्बोधन में विधायक ने कहा कि ब्राह्मण समाज अपने श्रेष्ठ संस्कारों के कारण समाज में पूज्यनीय स्थान रखता है। नंदीकेश्वर धाम की पवित्र धरा पर एक साथ संस्कार, सम्मान और सेवा जैसे तीन पुनीत कार्यों का संपन्न होना समाज की सशक्त परंपरा का प्रतीक है। यज्ञोपवीत संस्कार हमारी संस्कृति की नींव है, जो अनुशासित और संस्कारवान जीवन की प्रेरणा देता है।
भवन निर्माण हेतु 20 लाख की स्वीकृति
कार्यक्रम के दौरान समाजजनों की मांग पर विधायक दिनेश राय मुनमुन ने भवन निर्माण कार्य के लिए 20 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की, जिससे उपस्थित समाजजनों में हर्ष और उत्साह का वातावरण निर्मित हुआ।

गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में पं. जानकी वल्लभ मिश्र, डॉ. के. के. चतुर्वेदी (शिक्षाविद), श्रीमती नीता पटेरिया (पूर्व सांसद), पं. दिलीप तिवारी (अध्यक्ष जिला ब्राह्मण समाज), अखिलेश शुक्ला, राजेश त्रिवेदी (पूर्व अध्यक्ष नगरपालिका), अवधेश पिंकी त्रिवेदी, संजय दुबे, पं. ओमप्रकाश तिवारी, डॉ. भूपेन्द्र मिश्रा, पं. दिनेश मिश्रा (चिरायु), अखिलेश पांडे, अशोक चौबे, ऋषि मिश्रा सहित बड़ी संख्या में समाजजन, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



