खाद संकट पर कांग्रेस का हमला: “किसानों के साथ छल कर रही भाजपा सरकार” — फिरोज खान
कांग्रेस की चेतावनी: व्यवस्था नहीं सुधरी तो होगा आंदोलन
सिवनी खाद संकट पर कांग्रेस पर भड़की कांग्रेस कहा सरकार का सिस्टम फेल
Seoni 04 June 2026
सिवनी यशो:- जिले में लगातार गहराते खाद संकट को लेकर कांग्रेस नेता फिरोज खान ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर किसानों के हितैषी होने का दावा करती है, जबकि दूसरी ओर किसान खाद के लिए घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं।
कई स्थानों पर किसानों के बीच विवाद और मारपीट जैसी स्थिति बन रही है, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाती है।
खाद के लिए घंटों कतार में खड़े किसान, कई जगह विवाद की स्थिति
फिरोज खान ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि जिले में यूरिया और डीएपी खाद की भारी कमी बनी हुई है। किसान सुबह से देर रात तक समितियों और वितरण केंद्रों के बाहर कतारों में खड़े हैं, इसके बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल पा रहा।
कई किसानों की कूपन तिथि निकल जा रही है और उन्हें बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लगातार इंतजार और अव्यवस्था के कारण किसान बेहोश तक हो रहे हैं।
“कागजों में उपलब्ध खाद, जमीन पर परेशान किसान”
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल कागजों और भाषणों में पर्याप्त खाद उपलब्ध होने का दावा कर रही है, जबकि जमीनी स्थिति पूरी तरह विपरीत है।
खरीफ सीजन के महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, जिससे खेती और उत्पादन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप
फिरोज खान ने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने, धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये और गेहूं का समर्थन मूल्य 2700 रुपये देने सहित सिंचाई और खाद की पर्याप्त व्यवस्था का वादा किया था,
लेकिन आज किसान खुद को ठगा महसूस कर रहा है। सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में किसान आर्थिक संकट, मानसिक तनाव और प्रशासनिक उपेक्षा का सामना कर रहा है। खाद वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के बजाय केवल प्रचार में व्यस्त है।
कांग्रेस ने मांगी तत्काल खाद आपूर्ति
कांग्रेस नेता ने मांग की कि जिले में तत्काल पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराया जाए, वितरण केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए तथा किसानों को बिना परेशान किए पारदर्शी तरीके से खाद उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।


