सरस्वती शिशु मंदिर भैरोगंज में शुभकामना दीक्षांत समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न
कक्षा 12वीं के भैया-बहिनों को दी गई भावभीनी विदाई, सफलता के सूत्रों और संस्कारों का मिला मार्गदर्शन
Seoni 04 February 2026
सिवनी यशो:- नगर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था सरस्वती शिशु/उच्च माध्यमिक विद्यालय भैरोगंज, सिवनी में कक्षा द्वादश (12वीं) के भैया-बहिनों का शुभकामना दीक्षांत समारोह हर्षोल्लास, अनुशासन एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ उन्हें शिक्षा, संस्कार और परिश्रम के महत्व का संदेश दिया गया।

दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ।
इसके पश्चात कक्षा 11वीं की छात्रा अनुश्री बघेल ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए कक्षा 12वीं के भैया-बहिनों का अभिनंदन किया और
उनके विद्यालयीन सफर को स्मरणीय बताया।

मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूक्लिड कोचिंग क्लास के संचालक एवं वरिष्ठ शिक्षाविद प्रवीण मिश्रा रहे।
अध्यक्षता विद्याभारती महाकोशल प्रांत के प्रादेशिक सहसचिव नितिन चौधरी ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में विवेकानंद बाल कल्याण समिति के कोषाध्यक्ष मनोज मर्दन त्रिवेदी तथा विद्यालय के प्राचार्य श्री ओमप्रकाश यादव मंचासीन रहे।

अनुशासन और आचरण की सराहना
कक्षा 12वीं के कक्षाचार्य कृष्णमुरारी दुबे ने अपने उद्बोधन में भैया-बहिनों को जीवन की महत्वपूर्ण परीक्षा में सफलता हेतु शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने विद्यार्थियों के अनुशासन, आचार-विचार एवं व्यवहारिक क्षमता की सराहना करते हुए इसे विद्यालय की संस्कारपरंपरा का परिणाम बताया।
संस्कार और लक्ष्यबद्ध जीवन का संदेश
अध्यक्षीय उद्बोधन में नितिन चौधरी ने विद्यार्थियों को श्रेष्ठ सफलता के लिए संस्कार, परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रभाव को जीवन का आधार बनाने का मार्गदर्शन दिया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कठिन परिश्रम ही सफलता का मूल मंत्र
मुख्य अतिथि प्रवीण मिश्रा ने परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के उत्तम सूत्रों की जानकारी देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच ही सफलता की वास्तविक कुंजी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को कैरियर मार्गदर्शन देते हुए लक्ष्य निर्धारण पर विशेष बल दिया।
स्मृति चिन्ह भेंट कर दी गई भावभीनी विदाई
कार्यक्रम के दौरान कक्षा 11वीं के भैया-बहिनों ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों का स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान व अभिनंदन किया।
कक्षा 12वीं की छात्रा देवकी बघेल ने अपने भावपूर्ण उद्बोधन में विद्यालय के आचार्य परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की तथा 11वीं के भैया-बहिनों को सहयोग एवं स्नेह के लिए धन्यवाद दिया।
आभार प्रदर्शन एवं संचालन
कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन कक्षा 11वीं की कक्षाचार्या श्रीमती नीति पाण्डे ने किया।
कार्यक्रम का संचालन सौ. कीर्ति ठाकुर द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
इनका रहा विशेष योगदान
आयोजन के सफल क्रियान्वयन में कृष्णमुरारी दुबे,
प्रकाश गुप्ता, सतीश सनोडिया,
महेश प्रसाद चौबे,
श्रीमती कीर्ति ठाकुर एवं
श्रीमती नीति पाण्डे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विद्यालय को दी यादगार भेंट
इस अवसर पर कक्षा 12वीं के भैया-बहिनों द्वारा विद्यालय को यादगार भेंट प्रदान की गई।
विदा लेते समय विद्यार्थियों ने विद्यालय से जुड़ी अपनी अविस्मरणीय स्मृतियों को साझा किया
और कहा कि-
सरस्वती शिशु मंदिर से प्राप्त शिक्षा एवं संस्कार उनके जीवन निर्माण की मजबूत नींव रहेंगे।



