बेटियां बनीं निडर, सिवनी पुलिस ने सिखाया ‘वार से बचाव और हौसले का जवाब’
सृजन अभियान के तहत 3 दिन चला शौर्य प्रशिक्षण, 250 से अधिक छात्राओं ने सीखी आत्मरक्षा की ताकत
सिवनी यशो :- डर को पीछे छोड़ आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सीख सिवनी की बेटियों को मिली, जब सिवनी पुलिस ने उन्हें आत्मरक्षा का विशेष प्रशिक्षण दिया। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के नवाचार “सृजन” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के निर्देशन में माता शबरी आवासीय शासकीय कन्या शिक्षा परिसर, सिवनी में त्रिदिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
दिनांक 12 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक चले इस विशेष कराटे (सेल्फ डिफेंस) प्रशिक्षण में लगभग 250 से अधिक छात्राओं ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं को केवल शारीरिक रूप से नहीं, बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूत बनाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा तकनीकों के साथ-साथ महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, आपातकालीन स्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीके और हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1098, 1930 तथा MP e-Cop की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही यूनिफॉर्म सर्विसेज और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर करियर काउंसिलिंग भी की गई।
प्रशिक्षण निरीक्षक ओमेश्वर ठाकरे, सूबेदार जितेंद्र रावतकर, छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती मंजू परते एवं श्रीमती भावना चौरसिया की उपस्थिति में कराटे प्रशिक्षक ओमकार कश्यप एवं उनकी टीम द्वारा दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के प्राचार्य मनोहर सिंह राहंगडाले, मार्गिक फाउंडेशन से शिवानी व अनुराधा, मातृशक्ति संगठन से कृति व मधुरिमा सहित पुलिस आरक्षक विवेक गोनेकर, संगीता वर्मा, शिवानी अहिरवार एवं पूजा बघेल का विशेष सहयोग रहा।
तीन दिन चले इस शौर्य प्रशिक्षण ने छात्राओं में आत्मविश्वास, साहस और आत्मनिर्भरता का संचार किया। बेटियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रशिक्षण में भाग लेते हुए यह संदेश दिया कि अब वे हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं।



