सोमवारी चौक से पीजी कॉलेज तक सड़क निर्माण की मांग

सिवनी यशो : -नगरपालिका परिषद इन दिनों जहां सड़क अच्छी है,उस सड़क के ऊपर पुनः डामरीकरण का कार्य करा रही है,परंतु नगरपालिका परिषद उपनगरीय क्षेत्र भैरोगंज के सोमवारी चौक से लेकर पी जी कॉलेज तक की सबसे व्यस्तम सड़क का डामरीकरण कराना भूल गई है। क्षेत्रीय नागरिको ने बताया कि यह सड़क काफी जर्जर हो गई है।सड़क में जगह जगह गड्ढे हो गए है, जिससे वाहन चालकों को काफी असुविधा का सामना करना पड रहा है। वही ये सड़क में हुए गड्ढे हादसों को निमंत्रण दे रहे है। गौरतलब है,कि इस सड़क का निर्माण लगभग 10 वर्ष पूर्व नपा ने कराया था। उसके बाद से इस सड़क का कभी भी कायाकल्प नही कराया गया।वही इसी मार्ग से होकर पीजी कॉलेज, वन अनुसंधान विभाग, सरस्वती शिशु हायर सेकेंडरी स्कूल,उत्कृष्ट स्कूल सहित जाम मुंगवानी,अमरवाड़ा के लिए वाहनों का आवागमन होता है।इसके बाद भी नगरपालिका सड़क निर्माण के डामरीकरण में कोई रुचि नही दिखा रही है। क्षेत्रीय नागरिक रमाकांत ठाकुर,महेन्द्र मिश्रा,सुशील चंदेल,शोभाराम नागेश,सुनील अग्रवाल,विकास अग्रवाल,मंगल बघेल, दिनेश ठाकुर,मुकेश दुबे,मुकेश चंदेल सहित क्षेत्रीय नागरिकों ने नगरपालिका परिषद से मांग की है,इस व्यस्तम मार्ग का जल्द से जल्द निर्माण कराए ,जिससे नागरिकों सहित वाहन चालको को हो रही परेशानी से निजात मिल सके





