मध्यप्रदेशसिवनी
विमान लैंडिंग के दौरान के दौरान फिर पलटा, सिवनी के सुकतरा एयरस्ट्रिप पर फिर बड़ा हादसा टला
10 दिन में दूसरी घटना, एविएशन सुरक्षा पर उठे सवाल
Seoni 11 June 2025
सिवनी यशो: – सिवनी जिले के सुकतरा स्थित मेस्को एयरोस्पेस लिमिटेड की हवाई पट्टी पर बुधवार, 11 जून 2025 को एक बार फिर बड़ा हादसा टल गया। रेड बर्ड एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का एक प्रशिक्षण विमान लैंडिंग के दौरान फिसलकर पलट गया। सौभाग्यवश, इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बीते 10 दिनों में यह दूसरी ऐसी घटना है जिसने विमानन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने लगाए लापरवाही के आरोप
घटना के तुरंत बाद उपस्थित प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद कंपनी के कर्मचारियों ने विमान को तिरपाल से ढंकने का प्रयास किया, जिससे यह आशंका और गहराई कि घटना को छुपाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल हुए तस्वीरों और वीडियो ने पूरे मामले को उजागर कर दिया।
प्रशासन और DGCA सक्रिय
जानकारी के अनुसार सिवनी कलेक्टर संस्कृति जैन ने नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA ) को सूचना दे दी गई है और जांच प्रारंभ कर दी गई है। फिलहाल दुर्घटना के तकनीकी व मानवीय कारणों की पड़ताल की जा रही है।
विशेषज्ञों ने जताई गंभीर चिंता
विमानन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार दो घटनाएं केवल संयोग नहीं हो सकतीं। ये या तो प्रशिक्षण प्रक्रियाओं की खामी, तकनीकी मानकों की अनदेखी या फिर रखरखाव में लापरवाही का संकेत हैं। ऐसे में ना केवल प्रशिक्षु पायलटों की सुरक्षा, बल्कि पूरे क्षेत्र की नागरिक सुरक्षा भी खतरे में है।
DGCA रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
अब सबकी नजर DGCA की जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जो यह स्पष्ट करेगी कि इन घटनाओं की जड़ में कौन-सी लापरवाही या प्रणालीगत दोष छिपा है। यह भी देखा जाएगा कि क्या संबंधित संस्थानों पर कोई ठोस कार्रवाई होती है या फिर यह घटनाएं एक बार फिर कागजी कार्रवाई में दफन होकर रह जाएंगी।



