मध्यप्रदेशसिवनी

सिवनी में गंदे पानी से हाहाकार! टूटी सड़कें, बजबजाती नालियां और बंद स्ट्रीट लाइट पर भड़के फिरोज खान

भाजपा की नगर पालिका परिषद पर कांग्रेस का बड़ा हमला, कहा — सत्ता के नशे में चूर परिषद जनता को दे रही बदहाली

सिवनी यशो :- शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर अब राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। शहर के अनेक वार्डों में कीचड़युक्त और बदबूदार पेयजल आपूर्ति, टूटी सड़कें, गंदगी, जाम नालियां और बंद स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं पर कांग्रेस नेता फिरोज खान ने भाजपा की नगर पालिका परिषद पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिषद सत्ता के नशे में चूर होकर जनता की मूलभूत समस्याओं से पूरी तरह बेपरवाह हो चुकी है।

“लोग गंदा पानी पीने को मजबूर, परिषद मौन”

फिरोज खान ने जारी बयान में कहा कि शहर के कई वार्डों में नलों से कीचड़युक्त और बदबूदार पानी निकल रहा है। लोग मजबूरी में वही पानी उपयोग कर रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद के जिम्मेदार अधिकारी और पदाधिकारी शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे।

उन्होंने दावा किया कि स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि भाजपा के कुछ पार्षद भी अपनी ही परिषद की कार्यशैली पर सवाल उठाने लगे हैं।

सड़कें गड्ढों में तब्दील, सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि शहर की अधिकांश सड़कें जर्जर हो चुकी हैं। जगह-जगह गड्ढे होने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। वहीं नालियों की समय पर सफाई नहीं होने से बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है।

उन्होंने कहा कि बरसात से पहले नालों की सफाई नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में जलभराव और संक्रामक बीमारियों की स्थिति बन सकती है। शहर के कई इलाकों में कचरे के ढेर लगे हैं, लेकिन परिषद केवल कागजी दावे करने में व्यस्त है।

“विकास कार्यों में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी”

फिरोज खान ने नगर पालिका परिषद पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये खर्च दिखाए जाते हैं, लेकिन जमीन पर काम दिखाई नहीं देता। स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं, सार्वजनिक स्थानों की सफाई प्रभावित है और नागरिक सुविधाएं भगवान भरोसे चल रही हैं।

उन्होंने कहा कि जनता समय पर टैक्स देती है, लेकिन बदले में उन्हें गंदगी, बदबू और अव्यवस्थाएं मिल रही हैं। यह नगर पालिका परिषद की प्रशासनिक विफलता का सबसे बड़ा उदाहरण है।

कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेता ने मांग की कि शहर की पेयजल व्यवस्था, सड़क निर्माण, सफाई व्यवस्था और नाली सफाई की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही लापरवाह अधिकारियों और जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कार्रवाई हो।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर नगर पालिका परिषद कार्यालय का घेराव करेगी और बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

Dainikyashonnati

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!