ई-रिक्शा से मंत्रालय पहुंचे मंत्री, दिया ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान से प्रेरित होकर मंत्री टेटवाल और पंवार ने अपनाया अनोखा तरीका

ई-रिक्शा से मंत्रालय पहुंचे मंत्री मंत्रालय
भोपाल – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से किए गए ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के आह्वान को आत्मसात करते हुए बुधवार को मध्यप्रदेश सरकार के दो मंत्री ई-रिक्शा से मंत्रालय पहुंचे। कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल और मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार कैबिनेट बैठक में शामिल होने के लिए ई-रिक्शा से मंत्रालय पहुंचे।
“सुरक्षित पर्यावरण का यही आधार — ईंधन बचत हर बार”
राज्यमंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संसाधनों के संयमित उपयोग और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जो संदेश दिया है, उसे हर नागरिक को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करें तो समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और लोग भी प्रेरित होते हैं।
उन्होंने कहा कि “सुरक्षित पर्यावरण का यही आधार — ईंधन बचत हर बार” केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जिम्मेदारी का संदेश है।
ऊर्जा बचत को जन आंदोलन बनाने की अपील
मंत्री द्वय ने प्रदेशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन और वैकल्पिक ऊर्जा साधनों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास मिलकर भविष्य में आत्मनिर्भर, स्वच्छ और सशक्त भारत के निर्माण की मजबूत नींव तैयार करेंगे।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत को केवल सरकारी अभियान न मानकर जन आंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है।



