मतदाता सूची में 2003 की लिंक त्रुटि और नाम सुधार को लेकर सुनवाई
नगर परिषद कार्यालय में लगा विशेष कैंप
बरघाट यशो:- मतदाता सूची में वर्ष 2003 की लिंक से संबंधित सामने आई तकनीकी त्रुटियों तथा मतदाताओं के नामों में सुधार को लेकर बुधवार 05 फरवरी को सुनवाई का आयोजन किया गया। इस उद्देश्य से नगर परिषद कार्यालय में विशेष मतदाता सुनवाई कैंप लगाया गया।यह सुनवाई मतदान केंद्र क्रमांक 225 से 237 तक के मतदाताओं के लिए आयोजित की गई, जहां बड़ी संख्या में मतदाता अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सुनवाई के दौरान मतदाता सूची में नाम, उम्र, फोटो और लिंक से जुड़ी त्रुटियों के निराकरण की प्रक्रिया की गई।

मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन
कैंप में निर्वाचन आयोग की ओर से ए.ई.आर.ओ. केवल सिंह परते एवं मेघदूत परते उपस्थित रहे। उनके साथ संबंधित सभी मतदान केंद्रों के बी.एल.ओ. एवं सुपरवाइजर भी मौजूद रहे, जिन्होंने मौके पर ही आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर सुधार प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
मतदाता सुनवाई कार्य संपन्न
इसके अतिरिक्त, मुख्य नगर पालिका अधिकारी वेदप्रकाश पुरी गोस्वामी ने ए.ई.आर.ओ. के रूप में बरघाट विधानसभा क्षेत्र के बूथ क्रमांक 128 से 153 (कुल 26 बूथ) में मतदाता सुनवाई कार्य संपन्न कराया।
वे अरी, ताखलाखुद, केसला, आमागढ़, बम्होडी सहित अन्य केंद्रों में आयोजित मतदाता सुनवाई कैंपों में उपस्थित रहकर मतदाताओं की समस्याओं का मौके पर समाधान करते रहे। इन केंद्रों पर भी संबंधित बी.एल.ओ. एवं सुपरवाइजरों की उपस्थिति रही।
निर्वाचन अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर समय रहते संबंधित बूथ स्तर अधिकारी से संपर्क कर सुधार कराएं, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो।



