आवारा कुत्तों के आतंक और घटिया सड़क निर्माण को लेकर कांग्रेस का नगर निगम पर हल्ला
27 लोगों को कुत्तों ने काटा, इलाज और सुरक्षा की मांग — सड़क निर्माण में भारी भ्रष्टाचार के आरोप
Seoni 20 January 2026
सिवनी यशो:- जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेश मरावी के निर्देशानुसार नगर कांग्रेस कमेटी एवं कांग्रेस पार्षद दल द्वारा सिवनी नगरीय क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक और घटिया सड़क निर्माण को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि-
19 जनवरी 2026 को नगर के विभिन्न वार्डों में लगभग 27 लोगों को आवारा कुत्तों ने काटा, जिससे शहर में दहशत का माहौल व्याप्त है। इससे पूर्व भी इस तरह की अनेक घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद नगरपालिका प्रशासन द्वारा कोई ठोस एवं प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि आवारा कुत्तों के आतंक से नागरिकों की सुरक्षा के लिए बार-बार निवेदन किए जाने के बावजूद नगरपालिका प्रशासन पूरी तरह उदासीन बना हुआ है, जिसके कारण लगातार लोग कुत्तों के हमलों का शिकार हो रहे हैं।
ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें
- नगर के सभी आवारा कुत्तों को रैबीज वैक्सीन लगाई जाए।
- सभी आवारा कुत्तों की अनिवार्य नसबंदी कराई जाए।
- आवारा कुत्तों को पकड़कर नगरपालिका द्वारा सुरक्षित स्थान पर रखा जाए।
- आवारा कुत्तों का पालन-पोषण करने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए।
- कुत्तों के काटने से पीड़ित सभी लोगों के इलाज की पूरी जिम्मेदारी नगरपालिका वहन करे।
- कुत्तों को पकड़ने, टीकाकरण एवं नसबंदी का कार्य निरंतर चलाया जाए, यह केवल अस्थायी अभियान न हो।
घटिया सड़क निर्माण पर भी उठाए गंभीर सवाल
ज्ञापन में सिवनी नगरपालिका क्षेत्र में हो रहे गुणवत्ताविहीन सड़क निर्माण पर भी गंभीर आपत्ति दर्ज कराई गई। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पूर्व जिला कलेक्टर श्रीमती संस्कृति जैन द्वारा सड़क चौड़ीकरण हेतु संशोधित प्राक्कलन तैयार करने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। कुछ समय तक कार्य बंद भी रहा, लेकिन अब भाजपा नेताओं के इशारे पर पुनः कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
आरोप है कि डामरीकरण, सीमेंटीकरण एवं पेवर ब्लॉक का कार्य बेहद घटिया गुणवत्ता का किया जा रहा है। नालियों की सफाई किए बिना उन्हें ढका जा रहा है, तराई नहीं की जा रही, लेवल नहीं मिलाया जा रहा और एमपीआरडीसी के तकनीकी अधिकारी मौके पर मौजूद नहीं रहते।
कांग्रेस ने इसे नगर की महत्वपूर्ण सड़क योजना को ध्वस्त करने और नागरिकों के साथ धोखा बताया तथा तत्काल जांच कराते हुए सड़क की चौड़ाई बढ़ाकर गुणवत्तापूर्ण निर्माण की मांग की।
ज्ञापन सौंपते समय उपस्थित रहे —
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेश मरावी, शिव सनोडिया,
राजिक अकील,
नगर कांग्रेस अध्यक्ष तनवीर अहमद,
दीवान आज़म अली,
नगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोहेल अमन खान,
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह,
पार्षद चंदन सिंह खताबिया,
जोएब खान,
शीबू सेंगर,
नब्बू भाई,
धुवनारायण चौधरी,
डालचंद बर्वे,
विपिन यादव,
सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।



