रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर महिलाओं का सम्मान और स्वच्छता संकल्प समारोह
Chhindwara 31 May 2025
छिंदवाड़ा यशो:- रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के पावन अवसर पर नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के निर्देशन में वार्ड क्रमांक 07 और वार्ड क्रमांक 45 में महिलाओं के सम्मान हेतु हल्दी-कुमकुम समारोह का आयोजन किया गया। वार्ड क्रमांक 07 की सिग्नेचर कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता चैंपियन श्रीमती अलका शुक्ला ने अपनी कॉलोनी की महिलाओं के साथ सहभागिता की। वहीं, वार्ड क्रमांक 45 में आयोजित समारोह में जन सेवा हिताय संगठन की प्रमुख हर्षा बानोदे जी के नेतृत्व में महिलाओं का पारंपरिक रूप से सम्मान किया गया।
इस दौरान संगठन की महिला सदस्याओं के साथ-साथ नगर पालिका निगम छिंदवाड़ा की स्वच्छता टीम, जो कि सिद्धि विनायक वेस्ट मैनेजमेंट द्वारा संचालित है, की विशेष उपस्थिति रही। दोनों ही स्थानों पर सभी उपस्थित महिलाओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई, जिससे स्वच्छ छिंदवाड़ा के संकल्प को और मजबूती मिली। इस आयोजन का उद्देश्य रानी अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए समाज में महिलाओं का सम्मान और स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने हल्दी-कुमकुम के माध्यम से सम्मान प्राप्त किया और स्वच्छ, सुंदर छिंदवाड़ा के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।



